भारतीय जूनियर हॉकी टीम में यूपी के 4 प्लेयर्स को मिली जगह

 

  • मलेशिया में 27 अक्टूबर से 4 नवंबर के बीच होने वाली 11वीं सुल्तान जोहोर कप 2023 में हिस्सा लेगी भारतीय टीम
  • उत्तर प्रदेश के उत्तम सिंह को बनाया गया टीम का कप्तान, आमिर अली, विष्णुकांत सिंह और अरुण साहनी को भी मौका

कानपुर। 27 अक्टूबर से 4 नवंबर के बीच होने वाले 11वीं सुल्तान ऑफ जोहोर कप 2023 के लिए सोमवार को हॉकी इंडिया ने भारतीय जूनियर हॉकी टीम का ऐलान कर दिया। 20 सदस्यीय इस टीम में उत्तर प्रदेश के चार खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। उत्तर प्रदेश हॉकी से जुड़े पॉल देवेंद्र के अनुसार टीम में उत्तर प्रदेश के चार खिलाड़ियों (आमिर अली, विष्णुकांत सिंह, उत्तम सिंह और अरुण साहनी) को मौका दिया गया है। इसमें फॉरवर्ड में खेलने वाले उत्तम सिंह को टीम का कप्तान भी बनाया गया है, जबकि उनके साथ अरुण सिंह भी फॉरवर्ड लाइन-अप का हिस्सा हैं। वहीं आमिर अली डिफेंस लाइन-अप में तो विष्णुकांत सिंह मिडफील्ड में खेलते हैं। पॉल देवेंद्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश के चार खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चुना जाना यादगार लम्हा है। इस मौके पर कानपुर और उत्तर प्रदेश हॉकी से जुड़े कई लोगों ने चारों खिलाड़ियों को बधाई और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। यह चारों खिलाड़ी मलेशिया में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।

27 अक्टूबर को पाकिस्तान से मुकाबला
प्रतियोगिता में भारत को पूल बी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला लीग राउंड में परंपरागत प्रतिद्वद्वी पाकिस्तान से 27 अक्टूबर को होगा। वहीं 28 अक्टूबर को टीम मलेशिया से तो 30 अक्टूबर को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। पूल में जर्मनी, आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टीम इस प्रकार है
गोलकीपर्सः मोहित एच एस, रणविजय सिंह यादव
डिफेंडर्सः अमनदीप लाकड़ा, रोहित, सुनील जोजो, सुखविंदर, आमिर अली, योगेंबर रावत
मिडफील्डर्सः विष्णुकांत सिंह, पूवन्ना सीबी, राजिंदर सिंह (वाइस कैप्टन), अमनदीप, सुनील लाकड़ा, अब्दुल अहाद
फॉरवर्ड्सः उत्तम सिंह (कप्तान), अरुण साहनी, आदित्य लालागे, अंगद बीर सिंह, गुरजोत सिंह, सतीश बी

यूपी महिला हॉकी टीम को फाइनल में मिली हार, शानदार प्रदर्शन पर मिली बधाई


उत्तर प्रदेश की महिला हॉकी टीम को झांसी में खेली गई सब जूनियर वुमेन नॉर्थ जोन हॉकी प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। फाइनल मुकाबले में उसे हरियाणा के हाथों 0-1 से शिकस्त मिली। महिला टीम ने पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। खिताबी मुकाबले में भी हरियाणा को एक अदद गोल के लिए उत्तर प्रदेश की बेटियों ने तरसा दिया। हालांकि, अंत में हरियाणा की टीम विजेता बनकर निकली। टीम के मैनेजर पॉल देवेंद्र ने बताया कि प्रदेश की बेटियों ने विजेताओं की तरह प्रदर्शन किया, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया।

 

Leave a Comment