- ग्रीन पार्क इंडोर हॉल में शुरू हुई तीन दिवसीय प्रतियोगिता, विभिन्न आयु वर्गों के क्वार्टर फाइनलिस्ट तय; करीब 200 खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
कानपुर, 10 जुलाई।
कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन (KTTA) द्वारा उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन (UPTTA) के निर्देशन में आयोजित तृतीय कानपुर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम स्थित बहुउद्देशीय इंडोर हॉल में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित तथा उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के चेयरमैन संजीव पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं औपचारिक रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को निखारने के साथ उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मजबूत मंच उपलब्ध कराती हैं।

रोमांचक मुकाबलों से हुई प्रतियोगिता की शुरुआत
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। नन्हे खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन कौशल और आत्मविश्वास से प्रभावित करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं टेबल टेनिस अकादमियों के लगभग 200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
अंडर-9 और अंडर-11 वर्ग के क्वार्टर फाइनलिस्ट तय
अंडर-9 बालक वर्ग में मृणांक बक्शी, मनमोहन वर्मा, वेदांश पांडे, अद्विक सिंह, रुद्रांश सिंह, इंद्रजीत सिंह, रिवान अग्रवाल और रेयांश मिश्रा ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं अंडर-9 बालिका वर्ग में हितांशी पोपतानी, आर्या मेहरोत्रा, भव्या मीना, आदित्री, ईशान्वी बनर्जी, ईशानी सिंह, मिष्टी तिवारी और मिष्टी वर्मा ने अंतिम आठ में स्थान बनाया।
अंडर-11 बालक वर्ग में शुभ तिवारी, तक्षित वर्मा, त्रिनय गोयल, स्वरवीर वेज, उन्मुक्त ठाकुर, अद्विक माहेश्वरी, मृणांक बक्शी और रिभव खन्ना ने शानदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं अंडर-11 बालिका वर्ग में भाव्या सिंह, ईशान्वी बनर्जी, हितांशी पोपतानी, भव्या मीना, उत्प्रेक्षा दुबे, मिष्टी तिवारी, प्रतिष्ठा शुक्ला और मनिशिका बाजपेई ने अगले दौर के लिए क्वालीफाई किया।
12 जुलाई तक होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन, सहसचिव सुनील सिंह, रवि पोपतानी, अनिल वर्मा, अविनाश यादव, अभिसारिका यादव सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के मुकाबले 12 जुलाई तक ग्रीन पार्क इंडोर हॉल में खेले जाएंगे। आयोजकों ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।