- शिव तांडव स्रोत, गोरखनाथ स्तुति और संविधान की प्रस्तावना कराई मंत्रमुग्ध
- मात्र साढ़े चार साल की उम्र में बना चुकी हैं कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड
लखनऊ, 8 जुलाई।
जिस उम्र में बच्चे ‘क ख ग घ’ या ‘ए बी सी डी’ सीख रहे होते हैं, उस उम्र में लखनऊ की साढ़े चार वर्षीया वंडर गर्ल सौंदर्या विश्रुता पाण्डेय अपनी विलक्षण स्मरणशक्ति और भाषायी प्रतिभा से पूरे देश का ध्यान खींच रही हैं। सोमवार को उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पांच कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
शिव तांडव स्रोत का दो मिनट तीन सेकेंड में पाठ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष सौंदर्या ने न केवल कंठस्थ शिव तांडव स्रोत का पाठ किया, बल्कि गोरखनाथ स्तुति भी सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने आंखें बंद कर भारतीय संविधान की प्रस्तावना और अनुच्छेद 12 से 32 तक मौलिक अधिकार भी धाराप्रवाह रूप से सुनाए। मुख्यमंत्री ने इस बालिका की असाधारण प्रतिभा की सराहना की, उन्हें आशीर्वाद व शुभकामनाएं दीं।
कई रिकॉर्ड कर चुकी हैं अपने नाम
सौंदर्या विश्रुता ने महज दो मिनट तीन सेकेंड में शिव तांडव स्रोत का पाठ कर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, और वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। आंखों पर पट्टी बांधकर संविधान की प्रस्तावना और अनुच्छेद 12 से 32 तक सुनाने का कारनामा भी रिकॉर्ड पुस्तकों में शामिल है।
संस्कृत श्लोक, मंत्र और शंखनाद में भी पारंगत
विश्रुता संस्कृत के 50 श्लोकों सहित महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र का भी शुद्ध उच्चारण करती हैं। इतना ही नहीं, वे शंखनाद करने में भी निपुण हैं। उन्होंने मात्र 16 सेकेंड में भाज्य संख्याएं दस तक सुना कर भी रिकॉर्ड बुक्स में जगह बनाई है।
मां की पहल और मंत्री नन्दी की पहल से हुई भेंट
सौंदर्या मुख्यमंत्री से मिलना चाहती थीं और उन्हें प्रणाम करना चाहती थीं। इस इच्छा को उनकी मां श्रीमती गुंजा पाण्डेय ने औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी को बताया। मंत्री नन्दी ने मुख्यमंत्री से समय लेकर यह मुलाकात करवाई। मुख्यमंत्री से भेंट के बाद सौंदर्या काफी खुश नजर आईं।
प्रमुख उपलब्धियां – एक नजर में:
- शिव तांडव स्रोत का पाठ – 2 मिनट 3 सेकेंड में
- संविधान प्रस्तावना व अनुच्छेद 12-32 – आंखों पर पट्टी बांधकर
- एशिया, इंडिया, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज
- 50 संस्कृत श्लोक, महामृत्युंजय और गायत्री मंत्र कंठस्थ
- 16 सेकेंड में भाज्य संख्याएं सुना कर रिकॉर्ड