विनर्स क्लब की दमदार जीत, रिजर्व बैंक सेमीफाइनल में

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

  • आशुतोष वर्मा के हरफनमौला प्रदर्शन से विनर्स क्लब ने कानपुर साउथ को 71 रन से हराया
  • क्वार्टरफाइनल में रिजर्व बैंक स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब ने केएन टाइटन्स को 47 रन से मात दी

 

कानपुर, 6 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गए दो मुकाबलों में विनर्स क्लब और रिजर्व बैंक स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। विनर्स क्लब ने कानपुर साउथ को 71 रन से पराजित किया, जबकि क्वार्टरफाइनल मुकाबले में रिजर्व बैंक ने केएन टाइटन्स को 47 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए विनर्स क्लब की टीम 31.1 ओवर में 264 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आशुतोष वर्मा ने 67, प्रियांशु रावत ने 56 और प्रथम बाथम ने 49 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। कानपुर साउथ की ओर से शौर्यदीप ने 3 विकेट लिए, जबकि अमन भदौरिया और आलोक यादव को 2-2 विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर साउथ की टीम 31.3 ओवर में 193 रन पर सिमट गई। अमन यादव ने 54 और उत्कर्ष यादव ने 44 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विनर्स क्लब की ओर से अखिलेश निषाद और कृष्णा मिश्रा ने 3-3 विकेट चटकाए। आशुतोष वर्मा और मिशम अब्बास ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

दूसरा मुकाबला एवरेस्ट मैदान पर क्वार्टरफाइनल के रूप में खेला गया। रिजर्व बैंक स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 32 ओवर में 9 विकेट पर 173 रन बनाए। सतीश जायसवाल ने 37, अमित मिश्रा ने 27, रतनेश कुमार और अमित मेहरा ने 26-26 रन का योगदान दिया। केएन टाइटन्स की ओर से नवल कुमार ने 3 विकेट हासिल किए।

जवाब में केएन टाइटन्स की पूरी टीम 28.2 ओवर में 126 रन पर ढेर हो गई। राज आर्यन ने 36 और कुनाल सिंह ने 21 रन बनाए। रिजर्व बैंक की ओर से अमित मिश्रा, शशांक शेखर और शिवम पाण्डे ने 2-2 विकेट लेकर टीम को 47 रन की जीत दिलाई और सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।

Leave a Comment