वैष्णवी और देवांश ने आर्चरी प्रतियोगिता में मारी बाजी

 

 

कानपुर। अंर्तमहाविद्यालयी आर्चरी प्रतियोगिता के रिकर्व प्रतिस्पर्धा महिला वर्ग में वैष्णवी और पुरूष में देवांश कुशवाहा के साथ कम्पाउन्ड राउंड में अर्पित और मुस्कान आर्या के साथ इंडियन राउंड में शिवम और मुस्कान ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता को सीएसजेएमयू के निर्देशन पर आर्मापुर पीजी कालेज में आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश वस्त्र एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के रजिस्ट्रार प्रो. प्रशांत विश्नोई और जिला तीरंदाजी संघ के सचिव राजा भरत अवस्थी, मुकेश कुमार सिंह ने इसका शुभारंभ किया। जिसमें महिला और पुरूष वर्ग के प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। इसमें आर्मापुर पीजी कालेज, जागरण कालेज, एसजे महाविद्यालय, डीबीएस कालेज, डीएवी कालेज, महिला और पुरूष के पुरूषोत्तम श्रीराम महाविद्यालय, श्री ठाकुर जी महाराज महाविद्यालय ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड खेले गए। जिसमें से रिकर्व राउंड के पुरूष वर्ग में देवांश कुश्वाहा, द्वितीय पर सत्यम चौधरी, तृतीय स्थान पर विवस्वत शुक्ला ने स्थान प्राप्त किया। वहीं महिलाओं में वैष्णवी प्रथम रहीं। कंपाउंड राउंड में अर्पित ने प्रथम विकास ने द्वितीय और महिला वर्ग में मुस्कान आर्या ने बाजी मारी। इंडियन राउंड में शिवम प्रथम, अविनाश ने दूसरा और धनंजय यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसकी महिला वर्ग में मुस्कान प्रथम स्थान पर रहीं।

प्राचार्य प्रो. मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि भारत में तीरंदाजी पौराणिक काल से की जा रही है। समय के साथ इस खेल के प्रति लोगों का रुझान कम होता गया। लेकिन अब फिर से लोग इसको खेलना पसंद कर रहे हैं। प्रो. प्रशांत विश्नोंई ने बताया कि तीरंदाजी खेल हमें जीवन में लक्ष्य को पहचानना और उसको भेदना सिखाता है।

विजेताओं को सीएसजेएमयू क्रीड़ा परिषद के सचिव आशीष कटियार और आयोजन सचिव कपिल दीक्षित ने सभी को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर राजेंद्र वर्मा, अभिषेक मिश्रा, संदीप कुमार, विपल श्रीवास्तव, पूरन सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment