- डीपीएस आगरा में देशभर के 173 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, महिमा गौतम ने लगातार तीसरी बार जीता स्वर्ण
कानपुर, 9 जून।
डीपीएस आगरा में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय डार्ट्स चैंपियनशिप-2026 का सफल समापन हुआ। ऑल इंडिया डार्ट्स एसोसिएशन एवं उत्तर प्रदेश डार्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 15 राज्यों से 173 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन ऑल इंडिया डार्ट्स एसोसिएशन के सचिव प्रशांत शाह एवं मिसेज इंडिया सैनी सरकार ने किया।
राष्ट्रीय टीम चयन का बना आधार
उत्तर प्रदेश डार्ट्स संघ के सचिव अमन सचान ने बताया कि चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन राष्ट्रीय टीम चयन एवं भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया। प्रतियोगिता में सिंगल्स, डबल्स, मास्टर्स, पुलिस, पैरा, ट्रांसप्लांट, यूथ एवं सब-जूनियर सहित विभिन्न वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए।
मास्टर्स वर्ग में कानपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
मास्टर्स पुरुष वर्ग में कानपुर के शैलेश कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। अमन शर्मा को रजत पदक मिला, जबकि कानपुर के कृष्ण कुमार राय और दिल्ली के राकेश महावीर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। मास्टर्स महिला वर्ग में पश्चिम बंगाल की गगनदीप कौर ने स्वर्ण और निधि जैन ने रजत पदक जीता।
आर्यन साहू ने एकल वर्ग में जीता रजत
एकल पुरुष वर्ग में पश्चिम बंगाल के सुमित चैंपियन बने, जबकि कानपुर के आर्यन साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। पुरुष डबल्स वर्ग में उत्तर प्रदेश की शैलेश कुमार और आर्यन साहू की जोड़ी ने पश्चिम बंगाल के राजीव कुमार और पूषण सेन को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता।
महिमा गौतम की स्वर्णिम हैट्रिक
महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की महिमा गौतम ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं महिमा गौतम और नेहा गौतम की जोड़ी ने महिला डबल्स स्पर्धा में भी पहला स्थान हासिल किया।
पुलिस वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले
ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड पुलिस गेम्स को ध्यान में रखते हुए पुलिस वर्ग की स्पर्धाएं भी आयोजित की गईं। महिला वर्ग में उन्नाव की कोमल शुक्ला, जो वर्तमान में गोरखपुर में कार्यरत हैं, ने स्वर्ण पदक जीता। सोनाली यादव को रजत तथा प्रीति कुमारी और प्रियंका छोंकर को संयुक्त रूप से कांस्य पदक मिला। पुरुष पुलिस वर्ग में मोहम्मद यूनुस ने स्वर्ण, पंजाब पुलिस के विशु वर्मा ने रजत और नीरज कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
ट्रांसप्लांट एवं पैरा खिलाड़ियों को मिला विशेष मंच
चैंपियनशिप में पहली बार अंग प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) करा चुके खिलाड़ियों के लिए भी अलग वर्ग रखा गया। पुरुष वर्ग में राजस्थान के अमित कुमार शर्मा और महिला वर्ग में चंडीगढ़ की निर्मलजीत कौर ने स्वर्ण पदक जीता।
व्हीलचेयर दिव्यांग वर्ग में वाराणसी के डॉ. संतोष कुमार पांडे और दरक्षा परवीन विजेता रहे। स्टैंडिंग दिव्यांग वर्ग में अशोक कुमार यादव प्रथम, शोभित कुमार द्वितीय तथा महाराष्ट्र के राजन हरिचंद तृतीय स्थान पर रहे।
यूथ और सब-जूनियर वर्ग में भी उत्तर प्रदेश का जलवा
यूथ बालिका वर्ग में कानपुर की काजल राजपूत ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालक वर्ग में जम्मू-कश्मीर के हनु मन्हास विजेता बने। सब-जूनियर (15 वर्ष से कम आयु) वर्ग में पश्चिम बंगाल के अर्जुन यादव और उत्तर प्रदेश की नैश सिंघल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
समापन समारोह में खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
चैंपियनशिप के समापन अवसर पर डीपीएस आगरा के प्रधानाचार्य आर.के. पांडेय ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।