- यूपी ने बनाए 237 रन, सोनम यादव और संध्या छेत्री की गेंदबाजी से बंगाल 202 पर सिमटा
कानपुर, 5 मार्च।
महिला क्रिकेट मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगाल को 35 रनों से पराजित कर दिया। उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने गेंदबाजी।और बल्लेबाजी दोनों ही क्षेत्रों में बंगाल की टीम पर खुद को इक्कीस साबित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 237 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से रामा कुशवाहा और निशि कश्यप ने 56-56 रन बनाए, जबकि भूमि सिंह ने 41 और भारती सिंह ने 36 रन बनाए। कप्तान अर्चना देवी ने भी नाबाद 17 रन बनाए। पायल वखारिया ने 4 और सुजाता डे ने 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगाल की टीम 42.2 ओवर में 202 रन पर ऑलआउट हो गई। बंगाल की ओर से इप्सिता मंडल ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। इसके अलावा रुपल तिवारी ने 32, प्रियंका प्रसाद ने 30 और सुजाता डे ने 23 रनों का योगदान दिया।
उत्तर प्रदेश की ओर से गेंदबाजी में सोनम यादव ने 9 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट लिए। संध्या छेत्री ने 2 विकेट हासिल किए। अर्चना देवी को 1 विकेट मिला, जबकि भूमि सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2.2 ओवर में 7 रन देकर 2 विकेट झटके।
यूपी के गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत बंगाल की पूरी टीम 202 रन पर सिमट गई और उत्तर प्रदेश ने यह मुकाबला 35 रनों से जीत लिया।