- गोल्ड कोस्ट में ITTF वर्ल्ड पैरा फ्यूचर 2026 में दो रजत और एक कांस्य पदक, भारतीय पैरा टेबल टेनिस को नई पहचान
- पुरुष एकल व मिश्रित युगल में रजत, पुरुष युगल में कांस्य; विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के बीच दमदार प्रदर्शन
कानपुर, 19 फरवरी।
The Sports Hub (टीएसएच) के प्रतिभाशाली पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी शिवम पाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। ITTF World Para Future Gold Coast 2026 में, जो ऑस्ट्रेलिया के Gold Coast शहर में आयोजित हुई, शिवम ने पुरुष एकल और मिश्रित युगल स्पर्धा में रजत पदक तथा पुरुष युगल वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। एक ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर उन्होंने भारतीय पैरा खेल जगत में अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है।
प्रतियोगिता के दौरान शिवम ने विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के विरुद्ध अद्भुत आत्मविश्वास, संयम और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। मिश्रित युगल मुकाबलों में उनकी बेहतर तालमेल, तीव्र प्रतिक्रिया क्षमता और सटीक स्मैश निर्णायक सिद्ध हुए। वहीं पुरुष युगल वर्ग में उनकी धारदार सर्विस, मजबूत रिटर्न और रणनीतिक खेल ने प्रतिद्वंद्वियों को लगातार दबाव में रखा। प्रशिक्षक सत्यम मिश्रा ने बताया कि पुरुष एकल सहित सभी खिताबी मुकाबलों में शिवम ने अंतिम अंक तक संघर्ष करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और रजत व कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की।
शिवम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे टीएसएच में मिला सुनियोजित और वैज्ञानिक प्रशिक्षण अहम रहा है। संस्थान में आधुनिक सुविधाओं के साथ शारीरिक सुदृढ़ता, सहनशक्ति, मानसिक मजबूती और तकनीकी अभ्यास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास और प्रतिस्पर्धी वातावरण ने उनके खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।