- देहरादून में होने वाली 87वीं जूनियर एवं यूथ नेशनल चैंपियनशिप के लिए मिली बड़ी जिम्मेदारी
कानपुर, 9 फरवरी।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन ने 22 फरवरी से 2 मार्च तक उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित होने वाली 87वीं जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के लिए द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच), कानपुर के कोच सत्यम मिश्रा (एनआईएस) को उत्तर प्रदेश टीम का कोच नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश के टेबल टेनिस खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
राज्य स्तरीय कोचिंग कैंप में करेंगे प्रतिभाग
इस नियुक्ति के तहत कोच सत्यम मिश्रा को 14 से 20 फरवरी तक बरेली में आयोजित होने वाले अनिवार्य राज्य स्तरीय कोचिंग कैंप में प्रतिभाग करना होगा। इस कैंप में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को तकनीकी, मानसिक और रणनीतिक रूप से तैयार किया जाएगा।
कड़ी मेहनत और तकनीकी दक्षता का मिला परिणाम
सत्यम मिश्रा की यह नियुक्ति उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, गहन तकनीकी समझ और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक तैयार करने की क्षमता का प्रतिफल मानी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
टीएसएच के लिए गौरव का क्षण
कोच सत्यम मिश्रा का यूपी टीम का कोच चुना जाना द स्पोर्ट्स हब, कानपुर के लिए भी गर्व का विषय है। टीएसएच लगातार उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, अनुशासन और आधुनिक खेल वातावरण उपलब्ध कराकर प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर टेबल टेनिस को नई पहचान दिला रहा है।