के०सी०ए० की तीन महिला खिलाड़ी अण्डर-15 यूपी टीम में चयनित

 

 

 

 

  • कानपुर की प्रीति, अनुश्री और काव्या ने बढ़ाया जिले का मान, कोलकाता में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व

कानपुर, 30 दिसम्बर।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसियेशन की महिला चयन समिति द्वारा सत्र 2025-26 के लिए घोषित अण्डर-15 एक दिवसीय महिला टीम में कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन की तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में प्रीति हजारिया, अनुश्री कश्यप एवं काव्या बन्दोह शामिल हैं, जबकि परी यादव को स्टैण्डबाय में रखा गया है।

टीम में प्रीति हजारिया (ऑफ ब्रेक गेंदबाज), अनुश्री कश्यप (विकेटकीपर) एवं काव्या बन्दोह (मध्यक्रम बल्लेबाज) की भूमिका निर्धारित की गई है। उल्लेखनीय है कि प्रीति हजारिया का चयन गत वर्ष भी हुआ था, जबकि अनुश्री और काव्या पहली बार प्रदेश टीम में जगह बनाने में सफल रही हैं।

इस अण्डर-15 टीम की कप्तानी याशिका को सौंपी गई है। टीम 2 जनवरी 2026 से कोलकाता में आयोजित होने वाली एक दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

प्रशिक्षण की बात करें तो प्रीति हजारिया कोच आशीष यादव, काव्या बन्दोह कोच राहुल पाल एवं अनुश्री कश्यप कोच अरविन्द सोलंकी के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं।

खिलाड़ियों के चयन पर के०सी०ए० चेयरमैन डा० संजय कपूर, अध्यक्ष एस०एन० सिंह, सचिव कौशल कुमार एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रीता डे ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Comment