- ₹1 लाख की पुरस्कार राशि वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग 350 खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
कानपुर, 29 सितंबर।
योनेक्स सनराइज स्वर्गीय सीताराम पांडेय स्मृति द्वितीय उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का आयोजन 1 से 4 अक्टूबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर स्थित बहुउद्देशीय हॉल में किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज पांडेय, डॉ. ए.के. अग्रवाल, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, महीप सक्सेना, सौरभ श्रीवास्तव, केशव द्विवेदी, आशीष गौड़, अरुण दुबे, हेमंत तिवारी, कमलेश यादव एवं आशुतोष सत्यम झा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डी.पी. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा संचालित एवं मान्यता प्राप्त यह प्रतिष्ठित सीनियर स्टेट प्रतियोगिता कानपुर को आवंटित होना शहर के लिए गौरव की बात है। कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन एवं क्षेत्रीय खेल कार्यालय, ग्रीन पार्क के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 350 खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। प्रतियोगिता में कुल ₹1 लाख की नगद पुरस्कार राशि रखी गई है। इसमें पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल एवं मिश्रित युगल सहित कुल पांच स्पर्धाएं होंगी। खिलाड़ियों की सुविधा और प्रतियोगिता के उच्च स्तर को ध्यान में रखते हुए सभी मुकाबले योनेक्स एएस-2 फेदर शटलकॉक से खेले जाएंगे।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में बैडमिंटन को प्रोत्साहित करना, खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराना और कानपुर को प्रमुख खेल आयोजन केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से 12 क्वालिफाइड निर्णायक आएंगे। आजमगढ़ के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक अजेंद्र राय रेफरी की भूमिका निभाएंगे, जबकि मोहम्मद इरशाद अहमद मैच कंट्रोलर होंगे। प्रतियोगिता की लाइव स्ट्रीमिंग और इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे खेल प्रेमी घर बैठे मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।
कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए खेल अधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों से सहयोग की अपील की है। शहर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।
Kanpur Badminton Association, Uttar Pradesh State Senior Major Badminton Tournament 2026, Yonex Sunrise, Sitaram Pandey Memorial, Green Park Stadium Kanpur, Badminton Tournament, UP Badminton Association, Senior Badminton Championship, Live Streaming, Electronic Scoring, Ajendra Rai, Mohammad Irshad Ahmed