कार्यक्रम स्थगित, पर जोश नहीं- स्काउट गाइड बेटियों ने ग्रीन पार्क में निकाला नारी शक्ति मार्च

 

 

  • मिशन शक्ति के तहत संदेश: सम्मान, समानता और आत्मविश्वास की बुलंद आवाज

 

कानपुर, 20 अप्रैल।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत भारत स्काउट और गाइड, कानपुर नगर की बेटियों ने सोमवार सुबह ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में नारी शक्ति मार्च निकालकर समाज को महिला सम्मान और बराबरी का संदेश दिया। कार्यक्रम भले ही स्थगित हो गया, लेकिन बेटियों के उत्साह और प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं आई और उन्होंने “आपदा को अवसर” में बदलते हुए पूरे जोश के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

सुबह 6:30 बजे पहुंचीं बेटियां, स्थगन के बावजूद दिखाया जज्बा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी प्रतिभागी सुबह 6:30 बजे ग्रीन पार्क पहुंच गए थे, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम के स्थगित होने की जानकारी मिली। इसके बावजूद स्काउट गाइड की बेटियों ने निराश होने के बजाय नारी शक्ति मार्च निकालने का निर्णय लिया और अपने उद्देश्य को सफल बनाया।

संकल्प सूत्र से गूंजा स्टेडियम परिसर

“संघर्षों में निखरे हम, नई इबारत लिखते हम, हर राहों में आगे हम, भारत की नारी हैं हम”

इस प्रेरक संकल्प के साथ एस.एन. सेन गर्ल्स इंटर कॉलेज, ज्ञान भारती गर्ल्स इंटर कॉलेज, हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज और कानपुर विद्या मंदिर की छात्राओं ने गेट नंबर-2 से मैदान तक मार्च पास्ट किया। उनकी आवाज और ऊर्जा से पूरा स्टेडियम परिसर गुंजायमान हो उठा।

मॉर्निंग वॉकरों को दिया जागरूकता संदेश

मार्च के दौरान वहां मौजूद मॉर्निंग वॉकरों को नारी सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। बेटियों ने अपने अनुशासन और एकजुटता के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया।

ग्रीन पार्क का इतिहास भी जाना

ग्रीन पार्क के उप क्रीड़ाधिकारी अमित पाल ने छात्राओं का स्वागत करते हुए स्टेडियम का इतिहास बताया और उन्हें प्लेयर गैलरी व जिम का अवलोकन भी कराया, जिससे बेटियों में खेल और फिटनेस के प्रति भी उत्साह देखने को मिला।

इनके नेतृत्व में हुआ आयोजन

कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त (कानपुर मंडल) मयंक शर्मा, जिला सचिव सर्वेश तिवारी, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती प्रीति तिवारी, गाइड कैप्टेन श्रीमती ज्योति यादव और श्रीमती किरण बाला ने किया।

Leave a Comment