- सीएसजेएमयू के डीन एडमिनिस्ट्रेशन को मिली नई जिम्मेदारी, योग एवं योगासन खेलों को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर
- योग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जताई प्रसन्नता, युवाओं को योग से जोड़ने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने की जताई उम्मीद
कानपुर, 13 अक्टूबर।
योग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (YAUP) ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर के डीन एडमिनिस्ट्रेशन प्रो. नीरज कुमार सिंह को संघ का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रो. सिंह हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू), कानपुर के पूर्व रजिस्ट्रार भी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति पर संघ के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव से प्रदेश में योग और योगासन खेलों के विकास को नई दिशा मिलेगी।
योग एवं योगासन खेलों के विस्तार को मिलेगी गति
योग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राम किशोर ने प्रो. नीरज कुमार सिंह की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा एवं प्रशासन के क्षेत्र में उनका अनुभव संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और शैक्षणिक संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को इससे जोड़ने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में योग गतिविधियों को मिलेगा प्रोत्साहन
संघ के महासचिव शोभित पांडेय ने प्रो. नीरज कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है। एसोसिएशन का उद्देश्य प्रदेश में योगासन खेलों को प्रोत्साहित करना, खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में योग गतिविधियों का विस्तार करना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन से योग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश प्रदेश में योग और योगासन खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी पहल करेगा।