- कानपुर में खिलाड़ियों के विकास और खेल सुविधाओं को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा
कानपुर, 5 मई।
ग्रीन पार्क स्थित क्षेत्रीय खेल कार्यालय में आज भानु प्रसाद जी ने क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कानपुर के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं और खेलों के विकास को लेकर सार्थक संवाद किया।
खेल संघों के पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
नव नियुक्त क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी भानु प्रसाद से भेंट करने वालों में कई प्रमुख खेल संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इनमें प्रमुख रूप से कानपुर जिला बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष महीप सक्सेना, उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के सचिव सुनील तिवारी, कानपुर डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं यूपी वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री बृजेश सिंह सेंगर, सौरभ श्रीवास्तव (एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी, केडीबीए) और आशुतोष सत्यम झा (महानगर मंत्री, क्रीड़ा भारती) उपस्थित रहे।
खेल सुविधाएं और संसाधन बढ़ाने पर जोर
बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने मिलकर कानपुर में खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने, खिलाड़ियों को अधिक संसाधन मुहैया कराने और अधिकतम अवसर प्रदान करने के विषय पर गहन एवं सकारात्मक चर्चा की। सभी ने एकजुट होकर कानपुर को खेलों के क्षेत्र में और ऊंचाई तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।