कानपुर, 16 दिसम्बर
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध काउण्टी क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित पन्द्रहवीं स्व० के.एस. सक्सेना क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नेशनल यूथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भरत क्लब को 98 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
नेशनल यूथ की इस जीत में दिव्यांशु पाण्डे के शानदार 91 रनों की अहम भूमिका रही, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। टीम के अन्य बल्लेबाजों में अरमान तिवारी ने 40 रन और आरूष ने 21 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अमित कुमार ने 29 रन देकर 3 विकेट, जबकि सोम कटियार और धनेश चौहान ने 2-2 विकेट हासिल किए।
संक्षिप्त स्कोर इस प्रकार रहा :
नेशनल यूथ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 236 रन बनाए। जवाब में भरत क्लब की टीम 26.4 ओवरों में 138 रन पर सिमट गई। भरत क्लब की ओर से देवेन्द्र सिंह ने 36 रन और रोहित वर्मा ने 26 रन बनाए। नेशनल यूथ 98 रनों से विजयी रहा। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिव्यांशु पाण्डे को मिला।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.एन. सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथि का स्वागत पी.एस. नेगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर के.सी.ए. सचिव फौशल कुमार सिंह, कमल सक्सेना, आयुष शुक्ला, शिवग पाण्डे एवं राहुल सिंह मौजूद रहे।