मृदुल शुक्ला बने ओपन शतरंज प्रतियोगिता के चैंपियन

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

 

  • वैदिक धर्म सभा गोविंद नगर में आयोजित हुई प्रतियोगिता में 32 खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल
  • बाल गोविंद स्वास्थ्य रहे उपविजेता, अर्णव गुप्ता ने तीसरा स्थान हासिल किया

 

कानपुर, 31 मई।

स्थानीय वैदिक धर्म सभा, गोविंद नगर में रविवार को ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 32 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पांच राउंड के मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति और बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं ने भी अपनी छाप छोड़ी। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण 75 वर्षीय वरिष्ठ खिलाड़ी वीरेन्द्र सिंह चंदेल रहे, जिन्होंने अपने अनुभव और खेल भावना से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

पांच राउंड की प्रतिस्पर्धा के बाद मृदुल शुक्ला ने चार अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बाल गोविंद स्वास्थ्य ने भी चार अंक अर्जित किए, लेकिन टाई-ब्रेक के आधार पर उन्हें दूसरा स्थान मिला। अर्णव गुप्ता ने 3.5 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक (चीफ आर्बिटर) अनिल बाजपेई ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सहायक आर्बिटर के रूप में ए.पी. सिंह और अजीत विश्वकर्मा ने प्रतियोगिता का सफल संचालन कराया। इस अवसर पर कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं शहर में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave a Comment