साइकिलिंग से फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

  • ग्रीन पार्क से निकली भव्य साइकिल रैली, सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने दिखाई हरी झंडी

कानपुर, 7 जून।

स्वास्थ्य, परिवार एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन खेलो इंडिया, क्रीड़ा भारती, कानपुर ओलंपिक संघ एवं कानपुर साइकिलिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

सांसद ने किया शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

खेल और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में कानपुर ओलंपिक संघ के महासचिव रजत आदित्य दीक्षित, उत्तर प्रदेश साइकिलिंग संगठन के आर.के. गुप्ता, क्रीड़ा भारती की प्रांत मंत्री नीतू कटियार, जिला मंत्री श्याम मिश्रा, वीरेंद्र जी, प्रांत प्रचार प्रमुख वैभव गौड़, सतीश कुमार, विक्रांत अग्निहोत्री सहित खेल एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।

 

शहरवासियों को दिया फिटनेस और स्वच्छता का संदेश
ग्रीन पार्क से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और पुनः ग्रीन पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण और नियमित व्यायाम का संदेश दिया। रैली के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

बालिकाओं की अस्मिता साइकिल प्रतियोगिता भी हुई आयोजित
रैली के समापन के बाद खेलो इंडिया, अस्मिता खेलो इंडिया एवं कानपुर साइकिलिंग एसोसिएशन के सहयोग से बालिकाओं की अस्मिता साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प
आयोजकों ने बताया कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Comment