- केसीए की निशा, नंदनी, सिद्धी और विदुषी को यूपी टीम में मिला स्थान, 9 अक्टूबर को बिहार के खिलाफ होगा पहला मुकाबला
कानपुर, 6 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 9 अक्टूबर से मुंबई में आयोजित होने वाली महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी के लिए घोषित 16 सदस्यीय उत्तर प्रदेश टीम में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की चार महिला खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें निशा वर्मा, नंदनी सिंह, सिद्धी मिश्रा और विदुषी मिश्रा शामिल हैं। टीम की कमान आगरा की सान्वी भाटिया को सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश टीम अपना पहला मुकाबला 9 अक्टूबर को बिहार के खिलाफ खेलेगी।
चयनित खिलाड़ियों में निशा वर्मा बल्लेबाज, नंदनी सिंह दाएं हाथ की लेग ब्रेक गेंदबाज, विदुषी मिश्रा मध्यम गति की तेज गेंदबाज तथा सिद्धी मिश्रा बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज हैं। निशा वर्मा और नंदनी सिंह रोवर्स मैदान में, सिद्धी मिश्रा रतनलाल शर्मा मैदान में तथा विदुषी मिश्रा वीएसएसडी कॉलेज मैदान में अभ्यास करती हैं।
चारों खिलाड़ियों के चयन पर यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डा. संजय कपूर, केसीए अध्यक्ष संजय तिवारी एवं सचिव दिनेश कटियार ने बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।