- 8 से 11 अक्टूबर तक नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
- एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने दोनों इंटरनेशनल टेक्नीकल ऑफिशियल्स को सौंपी जिम्मेदारी
कानपुर, 7 अक्टूबर।
65वीं नेशनल ओपन एथलेटिक चैंपियनशिप में कानपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित होने जा रहा है। 8 से 11 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने कानपुर के दो इंटरनेशनल टेक्नीकल ऑफिशियल्स संजीव कुमार सिंह और अल्का पाठक को रेफरी नामित किया है।
भवानीनगर, कानपुर निवासी संजीव कुमार सिंह भारतीय जीवन बीमा निगम के क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर में सहायक सचिव (मानव संसाधन विकास) के पद पर कार्यरत हैं। एथलेटिक्स में तकनीकी अधिकारी के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने वर्ष 2025 में World Athletics की Bronze Level परीक्षा उत्तीर्ण की है।
संजीव कुमार सिंह इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी तकनीकी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स-2010, नई दिल्ली में ऑफिसियेटिंग की है। इसके अलावा अक्टूबर 2025 में झारखंड के रांची में आयोजित South Asian Athletics (SAAF) Senior Championship में भी उन्होंने तकनीकी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई थी। अब 65वीं नेशनल ओपन एथलेटिक चैंपियनशिप में रेफरी के रूप में उनकी नियुक्ति कानपुर के लिए गौरव का विषय है।
वहीं अल्का पाठक रेस वॉक की Bronze Level Referee हैं और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रेफरी की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। वह कानपुर के सर पदम सिंघानिया स्कूल में सीनियर खेल प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। रेस वॉक में उनकी तकनीकी विशेषज्ञता के चलते उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों तकनीकी अधिकारियों के चयन पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार देवगन, सचिव डॉ. नरेश चौधरी, कोषाध्यक्ष सुरिंदर सिंह रैयत, संयुक्त सचिव दिनेश भदौरिया, रंजीत सिंह चौहान, जी.के. गुप्ता, सौम्या अवस्थी, रमेश मिश्रा, राकेश ‘फ्यूचर’ मिश्रा तथा कानपुर देहात के अध्यक्ष राजेश सिंह समेत अनेक खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। खेल जगत से जुड़े लोगों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कानपुर के दो तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति शहर के लिए गौरव की बात है और इससे युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।