लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज में हुआ कानपुर के उभरते हॉकी सितारे अभिनव कुशवाहा का चयन

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

  • यह उपलब्धि हासिल करने वाले कानपुर के दूसरे खिलाड़ी बने, कोच पॉल देवेंद्र ने दी बधाई

कानपुर, 6 अगस्त। जब बात खेलों की होती है, तो भारत में हॉकी का नाम सबसे पहले आता है। भारत में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हुए, जिन्होंने निम्न और मध्यमवर्गीय परिवारों से ताल्लुक रखने के बावजूद एक मुकाम हासिल किया। कानपुर के उभरते हॉकी खिलाड़ी अभिनव कुशवाहा की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। मात्र 8 वर्ष की उम्र में हॉकी खेलना शुरू करने वाले अभिनव की मेहनत और लगन ने उन्हें कानपुर के एक छोटे से मैदान से लखनऊ के स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड तक पहुंचा दिया है। 2024 में उनका चयन लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए हुआ है।

यह कहानी शुरू होती है पॉल देवेंद्र से, जो स्वयं एक राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हैं। उन्होंने मविया गांव शिवशंकर पुरम चकेरी कानपुर में एक छोटे से मैदान में हॉकी कोचिंग शुरू की। यहाँ उन्होंने 6 से 12 वर्ष के उम्र के लगभग 20 लड़कों को इकट्ठा किया। इन बच्चों ने न तो कभी हॉकी देखी थी और न ही कभी हॉकी स्टिक पकड़ी थी। पॉल देवेंद्र ने अपने प्रयासों से 15 हॉकी स्टिक और बॉल का इंतजाम किया और बच्चों को हॉकी स्टिक पकड़ने और बॉल को पुश करने का तरीका सिखाया। धीरे-धीरे, बच्चों ने हॉकी में रुचि लेना शुरू किया और नियमित रूप से मैदान में प्रशिक्षण के लिए आने लगे।

अभिनव कुशवाहा ने भी इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया और अपनी मेहनत और लगन से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। पॉल देवेंद्र ने अभिनव की प्रतिभा को पहचाना और उनके विकास के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने अभिनव को सख्त प्रशिक्षण, अच्छा आहार और उचित किट, हॉकी स्टिक और जूते उपलब्ध कराए। इसके परिणामस्वरूप, अभिनव का चयन 2024 में लखनऊ के स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए हुआ। वह फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलते हैं।

अभिनव एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जिसमें उनके माता-पिता और एक बड़े भाई हैं। उनकी मेहनत और प्रतिभा ने उन्हें आज इस मुकाम पर पहुंचाया है और पॉल देवेंद्र का मानना है कि अभिनव का भविष्य हॉकी में बहुत उज्ज्वल है।

अंशु, जो 2023 में 20 साल के अंतराल के बाद सैफई इटावा के स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए चुने गए थे, के बाद अभिनव कुशवाहा कानपुर के दूसरे खिलाड़ी हैं जिन्होंने राज्य स्तर पर सफलता प्राप्त की है। पॉल देवेंद्र ने अभिनव की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में लखनऊ के स्पोर्ट्स कॉलेज में अभिनव और भी ऊंचाइयों को छुएंगे।

Leave a Comment