- अंडर-23 इमर्जिंग प्लेयर्स सूची में बनाई जगह, उत्तर प्रदेश की ओर से मुस्कान मलिक और वर्णिका चौधरी भी चयनित
- बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिलेगा प्रशिक्षण
कानपुर, 13 जुलाई।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की प्रतिभावान महिला क्रिकेटर गरिमा यादव का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अंडर-23 इमर्जिंग प्लेयर्स एनसीए कैंप के लिए किया गया है। गरिमा के साथ उत्तर प्रदेश की मुस्कान मलिक और वर्णिका चौधरी को भी इस प्रतिष्ठित कैंप में स्थान मिला है। यह कैंप 14 जुलाई से 6 अगस्त तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होगा।
शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
मध्यम गति की तेज गेंदबाज गरिमा यादव अपनी प्रभावी गेंदबाजी के साथ-साथ बेहतरीन क्षेत्ररक्षण और उपयोगी बल्लेबाजी के लिए भी जानी जाती हैं। उन्होंने सत्र 2025-26 में उत्तर प्रदेश की ओर से अंडर-23 और सीनियर महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उनके लगातार उत्कृष्ट खेल का ही परिणाम है कि उन्हें देश के सर्वश्रेष्ठ उभरते खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया है।
पहले भी चैलेंजर ट्रॉफी में दिखा चुकी हैं दम
गरिमा यादव को गत वर्ष बीसीसीआई द्वारा आयोजित चैलेंजर ट्रॉफी और मल्टी डे मैचों के लिए भी चयनित किया गया था। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते वह चयनकर्ताओं का भरोसा जीतने में सफल रही हैं। अब एनसीए कैंप में उन्हें देश के शीर्ष प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अपनी तकनीक और खेल को और निखारने का अवसर मिलेगा।
चंद्रा मैदान में ले रही हैं प्रशिक्षण
गरिमा यादव कानपुर के चंद्रा मैदान में अनुभवी कोच मोइनुद्दीन के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनकी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें प्रदेश ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई है।
केसीए पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
गरिमा के चयन पर केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, अध्यक्ष एस.एन. सिंह और सचिव कौशल कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि गरिमा भविष्य में भारतीय महिला क्रिकेट टीम में भी अपनी जगह बनाने में सफल होंगी।