- चंद्र मौल श्रीवास्तव और कप्तान रजा खान की दमदार बल्लेबाजी, प्रशांत मिश्रा और शिवम त्रिपाठी की घातक गेंदबाजी से मिली जीत
कानपुर, 7 जून।
केसीसीएल (Kanpur Corporate Cricket League) सीजन-1 के लीग मुकाबले में कानपुर टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को 51 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। बीसीए गंगा बैराज मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में कानपुर टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। टीम की ओर से चंद्र मौल श्रीवास्तव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। कप्तान रजा खान ने 32 गेंदों पर 47 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शिवम त्रिपाठी ने 20 तथा प्रशांत मिश्रा ने 14 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त रनों के रूप में टीम को 14 रन मिले।
फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब की ओर से मोहम्मद ताजदार शेख ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि फैसल और मनीष अग्निहोत्री ने एक-एक विकेट लिया।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब की शुरुआत ठीक रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। सबीर ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि रफे अहमद ने 22 और गब्बर ने नाबाद 21 रन की पारी खेली। इसके बावजूद पूरी टीम 19.1 ओवर में 118 रन पर सिमट गई।
कानपुर टाइटंस की ओर से गेंदबाजी में प्रशांत मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके। शिवम त्रिपाठी और अनुप दीक्षित ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि राजीव यादव ने एक सफलता प्राप्त की। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर कानपुर टाइटंस ने मुकाबला 51 रन से अपने नाम कर लिया।