जयनारायण की अंशिका यादव ने जीता कांस्य, एसजीएफआई राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयनित

 

 

  • उत्कर्ष वर्धन सिंह ने 364/400 अंक के साथ हासिल किया पांचवां स्थान

 

कानपुर, 12 सितंबर।

जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर के निशानेबाजों ने साहिबाबाद में आयोजित विद्या भारती राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 9 की छात्रा अंशिका यादव ने 10 मीटर पिस्टल अंडर-14 बालिका वर्ग में 357/400 अंक हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

अंशिका यादव के इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। SGFI की राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन जनवरी माह में इंदौर, मध्य प्रदेश में किया जाएगा।

वहीं विद्यालय के कक्षा 12 के छात्र उत्कर्ष वर्धन सिंह ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 बालक वर्ग की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में 364/400 अंक अर्जित कर पांचवां स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के खेल शिक्षक आशुतोष सत्यम झा ने अंशिका यादव और उत्कर्ष वर्धन सिंह के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अंशिका के SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर विशेष शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

विद्यालय के प्रबंधक प्रो. सुनील मिश्र, प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी एवं उप प्रधानाचार्या डॉ. नमिता गुप्ता सहित विद्यालय प्रबंध तंत्र ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि अंशिका यादव राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं कानपुर का नाम रोशन करेंगी।

Leave a Comment