- शिवंशु दीक्षित की तूफानी नाबाद 92 रन की पारी, पिच रेडर्स ने जेबीके 11 को 65 रन से हराया
- सत्यम का ऑलराउंड प्रदर्शन पड़ा भारी, ऑरेंज आर्मी ने नाइट स्कॉर्चर्स को 49 रन से दी शिकस्त
कानपुर, 11 अक्टूबर।
यूनाइटेड चैंपियनशिप लीग (UCL) सीजन-2 के तहत खेले गए लीग मुकाबलों में पिच रेडर्स और ऑरेंज आर्मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले एकतरफा अंदाज में जीत लिए। राकेश मसाला ग्राउंड पर पिच रेडर्स ने जेबीके 11 को 65 रन से हराया, जबकि टीएसएच पालिका ग्राउंड पर ऑरेंज आर्मी ने नाइट स्कॉर्चर्स को 49 रन से शिकस्त दी।
शिवंशु दीक्षित की आतिशी पारी से पिच रेडर्स की बड़ी जीत
राकेश मसाला ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में जेबीके 11 ने टॉस जीतकर पिच रेडर्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पिच रेडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 121 रन तक सात विकेट गंवा दिए। इसके बाद सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शिवंशु दीक्षित ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
शिवंशु ने महज 41 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 92 रन की विस्फोटक पारी खेली। संतोष गुप्ता ने 37 और साहिल ने 24 रन का योगदान दिया। पिच रेडर्स ने 30 ओवर में 7 विकेट पर 229 रन बनाए। जेबीके 11 की ओर से राहुल त्रिवेदी ने तीन विकेट लिए।
230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेबीके 11 की टीम पिच रेडर्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 24.2 ओवर में 164 रन पर सिमट गई। रोहित गुप्ता ने 31 और अरुणेंद्र ने 30 रन बनाए। पिच रेडर्स के यश पांडेय ने पांच ओवर में 35 रन देकर तीन विकेट लिए। आर्यन दवरानी ने दो, जबकि अभिजीत, आसिफ और अमित शुक्ला ने एक-एक विकेट हासिल किया। पिच रेडर्स ने मुकाबला 65 रन से अपने नाम किया।
सत्यम और अमित करमचंदानी का ऑलराउंड प्रदर्शन
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में ऑरेंज आर्मी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन बनाए। मध्यक्रम में सत्यम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 6 चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए। शारिल ने 41, अमित करमचंदानी ने 42 और अंशुल टेकचंदानी ने 36 रन की उपयोगी पारियां खेलीं।
नाइट स्कॉर्चर्स की ओर से अर्पित तिवारी, मिशन गुप्ता और अखिलेश ने दो-दो विकेट हासिल किए।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट स्कॉर्चर्स की टीम 23.4 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई। अर्पित तिवारी ने 57 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 66 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।
ऑरेंज आर्मी के सत्यम ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4.4 ओवर में 33 रन देकर चार विकेट चटकाए। अमित करमचंदानी ने छह ओवर में 43 रन देकर तीन विकेट लिए। इस तरह ऑरेंज आर्मी ने 49 रन से मुकाबला जीत लिया।