आजाद पार्क में फुटबॉल का रोमांच, यूनिवर्सिटी एफसी, एचएएल और उन्नाव स्टेडियम की शानदार जीत

 

 

  • कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष पर आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज
  • रॉयल स्पोर्टिंग को हराकर उन्नाव स्टेडियम ने किया सबसे बड़ा उलटफेर

 

कानपुर, 23 मई :

आजाद पार्क में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन दिवस पर खेले गए मुकाबलों में यूनिवर्सिटी एफसी, एचएएल और उन्नाव स्टेडियम की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।

यूनिवर्सिटी एफसी ने औरैया को 3-0 से हराया

दिन का पहला मुकाबला यूनिवर्सिटी फुटबॉल क्लब और औरैया फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। मैच के पहले हॉफ में दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। दूसरे हॉफ में यूनिवर्सिटी टीम पूरी तरह बदली हुई नजर आई। मुकाबले की शुरुआत होते ही खिलाड़ी आकाश कुमार ने शानदार फ्री किक पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद दिकेश सिंह ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में औरैया टीम द्वारा पेनल्टी एरिया में फाउल किए जाने पर यूनिवर्सिटी को पेनल्टी मिली, जिसे दिकेश सिंह ने गोल में बदलते हुए टीम को 3-0 की शानदार जीत दिला दी।

एचएएल ने आरबीआई को 1-0 से दी शिकस्त

दूसरा मुकाबला एचएएल और आरबीआई के बीच खेला गया। मैच के पांचवें मिनट में ही एचएएल के खिलाड़ी अमित दीवान ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। कई आसान मौके भी गंवाए गए। अंततः एचएएल ने 1-0 की जीत दर्ज कर अगले राउंड में जगह बना ली।

उन्नाव स्टेडियम ने रॉयल स्पोर्टिंग को हराकर किया बड़ा उलटफेर

तीसरा मुकाबला दिन का सबसे रोमांचक और चर्चित मैच साबित हुआ, जिसमें रॉयल स्पोर्टिंग और उन्नाव स्टेडियम आमने-सामने थे। एक ओर कानपुर की स्टार टीम रॉयल स्पोर्टिंग थी तो दूसरी ओर उन्नाव के युवा खिलाड़ियों की संयुक्त टीम। पहले हॉफ में रॉयल स्पोर्टिंग ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन उन्नाव के डिफेंडर्स और गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए उन्हें गोल नहीं करने दिया।

दूसरे हॉफ में मुकाबला और अधिक रोमांचक हो गया। रॉयल स्पोर्टिंग लगातार अटैक करती रही, जबकि उन्नाव की टीम छोटे-छोटे पास और बेहतरीन तालमेल के साथ शानदार फुटबॉल खेलती नजर आई। मैच के 36वें मिनट में उन्नाव ने शानदार काउंटर अटैक किया। राइट आउट पोजीशन से अद्वैत शुक्ला द्वारा दिया गया बेहतरीन क्रॉस दिग्विजय ने शानदार हेडर के जरिए गोल में बदल दिया। इसके बाद रॉयल स्पोर्टिंग वापसी नहीं कर सकी और उन्नाव स्टेडियम ने 1-0 से जीत दर्ज कर बड़ा उलटफेर कर दिया।

स्टार खिलाड़ियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के स्टार खिलाड़ी एवं संतोष ट्रॉफी खिलाड़ी राकेश वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के दौरान फुटबॉल सचिव अजीत सिंह, अमित नारंग, आसिफ इकबाल, मोहम्मद सफवान, रईस अहमद, अब्दुल्ला और सौरभ सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आज खेले जाएंगे चार मुकाबले

  • अरमापुर एफसी vs वाइकिंग
  • गोल्डन vs स्काई एफसी
  • कैंट vs ग्रीनपार्क एफसी
  • कैंटोनमेंट vs मक़बूल

Leave a Comment