व्यापारियों के बीच बॉक्स क्रिकेट का रोमांच, नागेश्वर प्रीमियर लीग का शुभारंभ

 

 

  • बॉक्स क्रिकेट प्रारूप में 10 व्यापारिक टीमें, 23 जनवरी तक चलेगा टूर्नामेंट
  • विधायक अमिताभ बाजपेई व किराना मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष अवधेश बाजपेई ने किया उद्घाटन

 

कानपुर, 16 जनवरी।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने और व्यापारिक वर्ग में आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाबा नागेश्वर सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘नागेश्वर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता’ का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य समारोह के साथ किया गया।

बॉक्स क्रिकेट प्रारूप में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन आर्य नगर क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेई एवं कानपुर किराना मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश बाजपेई ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतीकात्मक रूप से बल्ला चलाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ समाज में अनुशासन और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है। व्यापारी वर्ग द्वारा इस प्रकार के आयोजनों से आपसी मेल-मिलाप बढ़ता है और युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

वहीं अध्यक्ष अवधेश बाजपेई ने कहा कि व्यापार के साथ-साथ सामाजिक और खेल गतिविधियों में सहभागिता भी आवश्यक है। ऐसे आयोजन तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच मनोरंजन के साथ आपसी समन्वय को मजबूत करते हैं।

नागेश्वर प्रीमियर लीग में व्यापार से जुड़े विभिन्न वर्गों की कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 23 जनवरी को खेला जाएगा, जिसमें विजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह है।

बाबा नागेश्वर सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रहेगा। उद्घाटन अवसर पर समिति के अरविन्द गुप्ता, राजेश, गोपाल, धीरज, अर्पित सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment