एशियन मिनीगोल्फ चैंपियनशिप में युवान जेटली ने जीता स्वर्ण पदक, बढ़ाया देश का गौरव

 

 

  • थाईलैंड में आयोजित प्रतियोगिता के सिंगल नॉक आउट इवेंट में हासिल की स्वर्णिम सफलता; उत्तर प्रदेश से भारतीय टीम में शामिल थे एकमात्र खिलाड़ी

 

कानपुर, 21 नवंबर।

थाईलैंड के प्रान बुरी में 11 से 14 नवंबर तक आयोजित एशियन मिनीगोल्फ चैंपियनशिप 2025-26 में कानपुर के खिलाड़ी युवान जेटली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सिंगल नॉक आउट इवेंट में बेहतरीन खेल कौशल और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत के साथ उत्तर प्रदेश और कानपुर का गौरव बढ़ा है।

चैंपियनशिप में भारतीय टीम के कुल 20 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें युवान जेटली उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। कड़े मुकाबलों के बीच उन्होंने अपनी प्रतिभा और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया।

भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में उत्साह और दमदार खेल भावना के साथ भागीदारी की। टीम के कोच याजवेंद्र सिंह यादव और इंडिया मिनीगोल्फ फेडरेशन के सचिव सूरज सिंह येओतिकर के मार्गदर्शन एवं देखरेख में खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।

युवान की इस उपलब्धि को भारतीय मिनीगोल्फ के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। यह युवा खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का प्रमाण है। यह जानकारी भारतीय टीम के कोच याजवेंद्र सिंह यादव ने दी।

Leave a Comment