ग्रीनपार्क में 22 और 23 नवंबर को होगा सीनियर महिला फुटबॉल टीम का ट्रायल

 

  • पंडित दीनदयाल अंतरमंडलीय सीनियर स्टेट महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
  • 5 से 12 दिसंबर तक कानपुर में आयोजित होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, दोपहर तीन बजे से शुरू होगा ट्रायल

 

कानपुर, 20 नवंबर।

कानपुर मंडल की सीनियर महिला फुटबॉल टीम के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली पंडित दीनदयाल अंतरमंडलीय सीनियर स्टेट महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 22 और 23 नवंबर को ग्रीनपार्क स्थित ग्रीन स्टेडियम में किया जाएगा। ट्रायल प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शुरू होगा।

ग्रीनपार्क में होगी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप

कानपुर में 5 से 12 दिसंबर तक पंडित दीनदयाल अंतरमंडलीय सीनियर स्टेट महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाली कानपुर मंडल की टीम के चयन के लिए यह ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को मंडल की टीम में स्थान दिया जाएगा।

खिलाड़ियों को जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे

ट्रायल में शामिल होने वाली खिलाड़ियों को नगर निगम का जन्म प्रमाण पत्र, एक वर्ष के भीतर बना मूल आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि एवं समय पर ग्रीन स्टेडियम पहुंचकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा ले सकती हैं।

फुटबॉल संघ के सचिव अजीत सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी डीबी थापा, अमित वर्मा और शरद जायसवाल से संपर्क कर सकती हैं।

Leave a Comment