पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की गरिमामयी उपस्थिति में जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर का 47वां वार्षिकोत्सव सम्पन्न

 

 

  • लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन दर्शन पर आधारित नाटिका बनी समारोह का मुख्य आकर्षण, विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
  • संस्कारयुक्त शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला: रामनाथ कोविन्द

 

कानपुर, 19 नवंबर।

जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दीनदयाल नगर का 47वां वार्षिकोत्सव एवं सांस्कृतिक समारोह गुरुवार को विद्यालय परिसर में भव्यता और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय चेतना की आकर्षक छटा प्रस्तुत की।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके बाद सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, देशभक्ति गीत और कजरी की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। समारोह में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय तथा दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित नाटिका ने किया भावविभोर

समारोह का मुख्य आकर्षण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन दर्शन पर आधारित विशेष नाटिका रही, जिसका मंचन दो भागों में किया गया। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से लोकमाता के त्याग, सेवा, धर्मनिष्ठा, सुशासन और लोककल्याणकारी कार्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाटिका के जरिए दर्शकों को उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व और भारतीय इतिहास की गौरवशाली परंपराओं से रूबरू कराया गया।

इसके अतिरिक्त ‘हमारे पर्व’, ‘आजादी का अमृत महोत्सव’, ‘महिषासुर मर्दिनी’, राजस्थानी लोकनृत्य और ‘वन्दे मातरम्’ नृत्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव, वीरता, शक्ति, विविधता और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और मंचीय कौशल की अतिथियों एवं अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्य भी जरूरी: रामनाथ कोविन्द

मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण में शिक्षण संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए संस्कारयुक्त शिक्षा और चरित्र निर्माण आवश्यक हैं। विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उनमें नैतिक मूल्यों के विकास पर अपने विचार रखे।

गणमान्य जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष प्रेम चन्द्र गुप्त, प्रबंधक डॉ. जगन्नाथ गुप्त, प्रधानाचार्या डॉ. गीता सिंह, श्री राम जी (प्रांत प्रचारक), भवानी भीख तिवारी (प्रांत संघचालक), एचबीटीयू के कुलपति डॉ. शमशेर सिंह, एमएलसी अरुण पाठक, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, संगठन मंत्री रजनीश पाठक, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्र, संजीव पाठक, नीतू सिंह, कमल किशोर गुप्ता, कुंज बिहारी गुप्ता, अंकित एवं सचिन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार द्विवेदी ने किया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जगन्नाथ गुप्त ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि प्रधानाचार्या डॉ. गीता सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Comment