केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर में 15 नवंबर को सजेगा पूर्व छात्र मिलन समारोह

 

 

  • 1977 बैच का स्वर्ण जयंती और 2002 बैच का रजत जयंती समारोह भी होगा आयोजित
  • 1971 से 2025 तक के करीब 125 पूर्व छात्र होंगे शामिल, विदेशों से भी पहुंच रहे पूर्व विद्यार्थी
  • 16 नवंबर को वर्तमान विद्यार्थियों से संवाद कर करियर और जीवन के अनुभव साझा करेंगे पूर्व छात्र

 

कानपुर, 14 नवंबर।

केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर में 15 नवंबर 2026 को भव्य पूर्व छात्र मिलन समारोह (Alumni Meet) का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर वर्ष 1971 से 2025 तक के विभिन्न बैचों के लगभग 125 पूर्व छात्र-छात्राओं ने शामिल होने की पुष्टि की है। समारोह में शामिल होने के लिए कई पूर्व छात्र विदेशों से भी कानपुर पहुंच चुके हैं।

स्वर्ण और रजत जयंती समारोह होगा विशेष आकर्षण

इस वर्ष पूर्व छात्र मिलन समारोह का विशेष आकर्षण वर्ष 1977 बैच की स्वर्ण जयंती (Golden Jubilee) और वर्ष 2002 बैच की रजत जयंती (Silver Jubilee) का आयोजन होगा। इस दौरान दशकों बाद विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थी अपने विद्यालय परिसर में एकत्रित होंगे और स्कूली जीवन की पुरानी यादें साझा करेंगे। यह आयोजन पूर्व छात्रों को अपने विद्यालय, शिक्षकों और सहपाठियों के साथ फिर से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।

वर्तमान विद्यार्थियों को देंगे करियर की सीख

कार्यक्रम का शुभारंभ 15 नवंबर को प्रातः 9 बजे होगा। समारोह के अगले दिन 16 नवंबर को प्रातः 8 बजे पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान वे अपने शैक्षिक, व्यावसायिक और जीवन के अनुभव साझा करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों को करियर चयन, शिक्षा, चुनौतियों का सामना करने और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देंगे।

एलुमनी एसोसिएशन ने दी जानकारी

एलुमनी एसोसिएशन, केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर के अध्यक्ष मयंक गुप्ता एवं महासचिव डॉ. नरेश कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन पूर्व छात्रों के बीच आपसी जुड़ाव और विद्यालय के प्रति आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। साथ ही वर्तमान विद्यार्थियों को अनुभवी पूर्व छात्रों से सीखने और उनके मार्गदर्शन का लाभ उठाने का अवसर भी मिलेगा।

Leave a Comment