- गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने वीनस क्लब को 81 रन से हराया
कानपुर, 6 नवंबर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) की ओर से आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 में यूनिक क्लब ने सिविल्स क्लब को आठ विकेट से पराजित किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने वीनस क्लब को 81 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
अनन्तदीप ने खेली नाबाद 91 रन की पारी
चंद्रा क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए मुकाबले में सिविल्स क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 129 रन बनाकर आउट हो गई। दिव्य प्रताप सिंह ने 48 और शांतनु सिंह ने 20 रन का योगदान दिया। यूनिक क्लब की ओर से आगाज पाठक ने 14 रन देकर दो, विशेष द्विवेदी ने 15 रन देकर दो और आयू निषाद ने 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूनिक क्लब की टीम ने 17.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अनन्तदीप सिंह ने 91 रन की नाबाद शानदार पारी खेली, जबकि आदर्श कुमार ने 19 रन बनाए। राज तिवारी को एक विकेट मिला। यूनिक क्लब ने आठ विकेट से जीत दर्ज की।
राज सिंह के 71 रन, गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब की बड़ी जीत
आरपीसीए मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.5 ओवर में 143 रन बनाए। राज सिंह ने 71 और अंश पाल ने 21 रन की पारी खेली। वीनस क्लब की ओर से स्कंद सेंगर ने 35 रन देकर चार और शुभम गोस्वामी ने 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीनस क्लब की टीम 17.3 ओवर में 62 रन पर सिमट गई। शुभम गोस्वामी ने 10 और सौम्या पाल ने सात रन बनाए। गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब की ओर से सौम्या पाल ने सात रन देकर तीन विकेट चटकाए। दीपक पाल ने 22 रन देकर दो, अध्ययन गुप्ता ने सात रन देकर दो और मनी पाल ने आठ रन देकर दो विकेट हासिल किए। इस तरह गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने 81 रन से मुकाबला जीत लिया।