- पीपीएन महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
- महिला एवं पुरुष वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने प्रदर्शित की खेल प्रतिभा और तकनीकी दक्षता
कानपुर, 05 नवम्बर।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय तलवारबाजी प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) सत्र 2026-27 का आयोजन गुरुवार को पीपीएन महाविद्यालय के तत्वावधान में श्याम नगर स्थित द एथलीट्स फोर्ज स्पोर्ट्स एकेडमी में किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने तलवारबाजी की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।

मुख्य अतिथि ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजीव पाठक (बॉबी) एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनूप कुमार सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और अपने प्रदर्शन से विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. सुशील कुमार शुक्ला एवं प्रतियोगिता प्रभारी प्रो. सुहेल रजा उपस्थित रहे।
महिला वर्ग में गीतिका राणा और सृष्टि पाल ने जीता स्वर्ण
महिला वर्ग की ईपी (Epee) स्पर्धा में वीएसएसडी कॉलेज की गीतिका राणा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की त्रिशा तिवारी ने रजत पदक तथा अंशिका यादव और एएनडी कॉलेज की अविका मौर्य ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, फॉयल (Foil) स्पर्धा में पीपीएन पीजी कॉलेज की सृष्टि पाल ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। सेबर (Sabre) स्पर्धा में बीएनडी कॉलेज की खुशी शुक्ला ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
पुरुष वर्ग में पीपीएन कॉलेज का रहा शानदार प्रदर्शन
पुरुष वर्ग की फॉयल स्पर्धा में पीपीएन पीजी कॉलेज के विष्णु कुमार तिवारी ने स्वर्ण पदक जीता। इसी महाविद्यालय के आर्यन सक्सेना ने रजत और शशांक सिंह ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
नीलेश मौर्य के तकनीकी निर्देशन में संपन्न हुई प्रतियोगिता
प्रतियोगिता के तकनीकी निदेशक एवं संचालन की जिम्मेदारी नीलेश मौर्य ने निभाई। एनआईएस पटियाला से तलवारबाजी में कोचिंग डिप्लोमा प्राप्त श्री मौर्य राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय रेफरी हैं। वे सात बार राष्ट्रीय स्तर की तलवारबाजी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। वर्तमान में वे द एथलीट्स फोर्ज स्पोर्ट्स एकेडमी, श्याम नगर के संस्थापक एवं निदेशक हैं। उनके तकनीकी निर्देशन में प्रतियोगिता का संचालन, खेल नियमों का अनुपालन, निर्णयन संबंधी समन्वय एवं विभिन्न व्यवस्थाएं संपन्न कराई गईं। वे कानपुर में तलवारबाजी के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
आयोजन में इनका रहा विशेष सहयोग
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रो. केके यादव, डॉ. एसपी श्रीवास्तव, डॉ. अनूप कुमार सिंह, डॉ. आभा शुक्ला, सत्येंद्र शंकर शुक्ला, सुरेश ओझा एवं श्याम जायसवाल का विशेष योगदान रहा। समापन पर महाविद्यालय प्रशासन ने पदक विजेता खिलाड़ियों एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।