- फाइनल में बेसिक हॉकी फाउंडेशन कानपुर को हराकर बना चैंपियन, आठ टीमों ने किया प्रतिभाग
कानपुर देहात, 5 नवंबर।
माती स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में बेसिक हॉकी फाउंडेशन की ओर से स्व. श्री दिलीप घोष 5-ए-साइड अंडर-15 बालक मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात और उत्तर प्रदेश हॉकी से संबद्ध इस प्रतियोगिता में आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद डीपीएस बर्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल में डीपीएस बर्रा ने बेसिक हॉकी फाउंडेशन कानपुर को शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

आठ टीमों के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता का उद्घाटन हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर ने जिला क्रीड़ा अधिकारी नीलम सिद्दीकी और डॉ. दीपिका सेंगर की उपस्थिति में किया। उद्घाटन मुकाबला न्यू लाइट इंटर कॉलेज और जसवंत पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें न्यू लाइट इंटर कॉलेज ने 4-1 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में डीपीएस बर्रा ने ब्राइट एंजेल पब्लिक स्कूल को 4-0 से हराया। तीसरे मैच में बेसिक हॉकी फाउंडेशन कानपुर ने एकलव्य इंटर कॉलेज को 2-0 से पराजित किया।

सेमीफाइनल में न्यू लाइट को हराकर फाइनल में पहुंचा डीपीएस
सेमीफाइनल मुकाबले में डीपीएस बर्रा और न्यू लाइट इंटर कॉलेज की टीमें आमने-सामने थीं। इसमें डीपीएस बर्रा ने 3-1 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में डीपीएस बर्रा का सामना बेसिक हॉकी फाउंडेशन कानपुर से हुआ। डीपीएस बर्रा ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
विजेता और उपविजेता टीम को किया सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रवीण दत्त भार्गव ने विजेता डीपीएस बर्रा को ट्रॉफी प्रदान की। वहीं हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात के उपाध्यक्ष मोहम्मद आसिम खान ने उपविजेता बेसिक हॉकी फाउंडेशन कानपुर को रनरअप ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर हॉकी एसोसिएशन की संयुक्त सचिव शिल्पी निगम, डॉ. दीपिका सेंगर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. संजय भारती सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्कूल और जमीनी स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने की पहल
हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात के सचिव पॉल देवेंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर एक संयुक्त टीम तैयार की जाएगी, जो ग्रीन पार्क के एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड में आयोजित होने वाली राज्य/मंडल स्तरीय अंडर-15 बालक 7-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में नकद पुरस्कार के साथ आकर्षक व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ने वितरित की खेल किट और हॉकी स्टिक
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर जूड एब्सोलम ने खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट और हॉकी स्टिक वितरित कीं। उन्होंने बताया कि कानपुर और आसपास के जिलों में जमीनी स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 100 हॉकी स्टिक वितरित करने तथा बालक-बालिकाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही बंद हो चुकी स्कूल हॉकी लीग को दोबारा शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। आयोजकों ने कहा कि बच्चों को हॉकी से जोड़ना और विद्यालय स्तर पर इस खेल को नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता है।