- केडीएमए क्रिकेट लीग में वैदिक यूनियन क्लब की टीम 76 रन पर सिमटी, आलोक ने झटके चार और पर्व ने तीन विकेट
कानपुर, 3 नवंबर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 के अंतर्गत मंगलवार को वीएसएसडी मैदान पर खेले गए मुकाबले में प्रिन्स क्लब ने वैदिक यूनियन क्लब को 50 रन से पराजित कर दिया। प्रिन्स क्लब की जीत में आलोक गौतम और पर्व खरे की घातक गेंदबाजी की अहम भूमिका रही। आलोक ने चार और पर्व ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया।
उदित और सत्यम ने संभाली प्रिन्स क्लब की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रिन्स क्लब की टीम 31 ओवर में 126 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उदित श्रीवास्तव ने 32 और सत्यम सिंह ने 31 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि आलोक गौतम ने 17 रन का योगदान दिया। वैदिक यूनियन क्लब की ओर से अक्षतराज ने तीन, प्रभात विश्वकर्मा और अनुपम यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए।
76 रन पर सिमटी वैदिक यूनियन की टीम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वैदिक यूनियन क्लब की टीम प्रिन्स क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 26.4 ओवर में 76 रन पर सिमट गई। तेजस तिवारी ने 21 और असित यादव ने 19 रन बनाए। प्रिन्स क्लब के आलोक गौतम ने 18 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि पर्व खरे ने मात्र छह रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रिन्स क्लब ने मुकाबला 50 रन से अपने नाम कर लिया।