- ग्रीनपार्क में दीपावली से पहले जीत का तोहफा देने के इरादे से मैदान में उतरेगी यूपी की टीम, कोच ज्ञानेंद्र पाण्डेय को खिलाड़ियों पर भरोसा
- बड़ौदा के प्रियंशु मोलिया की 321 रन की पारी से मेहमान टीम के हौसले बुलंद, अंक तालिका में 17 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है बड़ौदा, 13 अंक लेकर तीसरे पायदान पर यूपी
भूपेंद्र।
कानपुर, 1 नवंबर। दीपावली से पहले जीत का तोहफा देने के इरादे से मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम बड़ौदा के खिलाफ अपने चौथे और बेहद अहम मुकाबले में उतरने को तैयार है। ग्रीनपार्क स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमों की निगाहें जीत के साथ नॉकआउट की राह मजबूत करने पर होंगी। एलीट ग्रुप-ए की अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति को देखते हुए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जीत के साथ संघ को दीपावली का तोहफा देना चाहती है यूपी
उत्तर प्रदेश के कोच ज्ञानेंद्र पाण्डेय ने टीम की तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि मौसम ने साथ दिया तो बड़ौदा को हराकर टीम नॉकआउट की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी टीम शानदार लय में है और खिलाड़ी जीत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कोच के मुताबिक पुडुचेरी के खिलाफ पिछले मुकाबले में सीधी जीत हासिल नहीं कर पाने की कसक टीम को अब भी है। ऐसे में खिलाड़ी इस बार बेहतर प्रदर्शन कर जीत दर्ज करना चाहेंगे।
321 रन की पारी से बड़ौदा के बल्लेबाजों ने दिखाई ताकत
दूसरी ओर बड़ौदा की टीम भी घरेलू मैदान पर यूपी को चुनौती देने के लिए तैयार है। जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पिछले मुकाबले में बड़ौदा के बल्लेबाज प्रियंशु मोलिया ने 321 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। वहीं महेश पिथिया ने भी 102 रन बनाकर टीम की मजबूती का परिचय दिया। बड़ौदा के कोच आर. प्रसन्ना का मानना है कि यदि बल्लेबाज इसी प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे तो यूपी के खिलाफ जीत हासिल करना संभव होगा।
रिंकू सिंह पर रहेंगी सबकी निगाहें
यूपी की उम्मीदें जहां सामूहिक प्रदर्शन पर टिकी हैं, वहीं भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के बल्ले से निकलने वाले रनों पर भी सभी की नजरें रहेंगी। टीम प्रबंधन को भरोसा है कि रिंकू का अनुभव और आक्रामक बल्लेबाजी बड़ौदा के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभा सकती है। घरेलू मैदान पर दर्शकों का समर्थन भी यूपी के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा।
अंक तालिका में बड़ौदा आगे, यूपी के पास बराबरी का मौका
एलीट ग्रुप-ए में तीन-तीन मुकाबले खेल चुकी बड़ौदा की टीम 17 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि उत्तर प्रदेश 13 अंक लेकर तीसरे पायदान पर काबिज है। ऐसे में यूपी के पास जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
मेजबान टीम के सामने बड़ौदा के इनफॉर्म बल्लेबाज प्रियंशु मोलिया और महेश पिथिया को रोकने की चुनौती होगी। वहीं बड़ौदा की कोशिश यूपी के घरेलू मैदान पर अपनी लय बरकरार रखने की होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ग्रीनपार्क में दीपावली से पहले जीत का जश्न मेजबान यूपी मनाती है या बड़ौदा अपनी मजबूत स्थिति कायम रखता है।