- सिसिलियन डायनामाइट ने दूसरा और हैंगिंग पीसेस ने हासिल किया तीसरा स्थान
- कानपुर की आठ टीमों के बीच हुआ मुकाबला, पांच टीमों को नकद पुरस्कार और छठे स्थान की टीम को मिला मेडल
- छह से 11 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने भी लिया हिस्सा, कई मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने सीनियर खिलाड़ियों को दी चुनौती
कानपुर, 19 अक्टूबर।
अवधपुरी स्थित मास्टरमाइंड चेस अकादमी की ओर से आयोजित दूसरी मास्टरमाइंड ओपन चेस चैंपियनशिप में चेस स्क्वायर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कानपुर की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में चार खिलाड़ी शामिल थे। रोमांचक मुकाबलों के बाद चेस स्क्वायर और सिसिलियन डायनामाइट ने सात-सात अंक हासिल किए, लेकिन चेस स्क्वायर टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया।
चेस स्क्वायर ने सात अंकों के साथ मारी बाजी
प्रतियोगिता में चेस स्क्वायर टीम ने सात अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया और 3000 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। सिसिलियन डायनामाइट की टीम भी सात अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जिसे 2500 रुपये दिए गए। हैंगिंग पीसेस ने छह अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल कर 2000 रुपये का पुरस्कार जीता।
मैग्नीशिय की टीम चार अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही और उसे 1500 रुपये मिले। द चेकमेट ने तीन अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया और 1000 रुपये का पुरस्कार जीता। रॉयल गैम्बिट की टीम भी तीन अंकों के साथ छठे स्थान पर रही, जिसे मेडल देकर सम्मानित किया गया। चेस वॉरियर्स सातवें और चेसमेट स्क्वायर आठवें स्थान पर रही।
युवा खिलाड़ियों ने सीनियर खिलाड़ियों को दी चुनौती
प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने भी अपने खेल से प्रभावित किया। वीएसएसडी कॉलेज, श्याम नगर के प्रांजल सिंह ने डायनेमिक टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, केंद्रीय विद्यालय रक्षा विहार की आकृति गुप्ता ने सिसिलियन डायनामाइट और केडीएमए, बर्रा के शशांक श्रीवास्तव ने चेस स्क्वायर टीम की ओर से खेलते हुए कई सीनियर खिलाड़ियों के साथ मुकाबलों में ड्रॉ खेला और कुछ को पराजित भी किया।
प्रतियोगिता में छह से 11 वर्ष तक की आयु के पांच खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। सभी मुकाबले क्लासिकल प्रारूप में 25 मिनट और प्रत्येक चाल पर 10 सेकंड की वृद्धि के समय नियंत्रण के साथ खेले गए।
शतरंज को बढ़ावा देना प्रतियोगिता का उद्देश्य
प्रतियोगिता के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कानपुर में शतरंज को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता की मुख्य निर्णायक (चीफ आर्बिटर) प्रशंसा वर्मा रहीं, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी ऋषभ निषाद ने संभाली।