- वैदिक दीक्षित और राजवीर मल्होत्रा ने बनाए 40-40 रन, राघवेन्द्र पाल ने नाबाद 34 रन की पारी खेली
कानपुर, 14 अक्टूबर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित स्व. मोतीराम (एडवोकेट) अंडर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता में कैंप के लिए चुने गए सर्वश्रेष्ठ 30 खिलाड़ियों के बीच बुधवार को कानपुर साउथ मैदान पर मुकाबला खेला गया। इसमें केसीए-ब्लू ने केसीए-रेड को तीन विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की।
केसीए-रेड की टीम 151 रन पर सिमटी
पहले बल्लेबाजी करते हुए केसीए-रेड की पूरी टीम 33.4 ओवर में 151 रन बनाकर आउट हो गई। विशेष अग्निहोत्री ने सर्वाधिक 62 रन बनाए, जबकि शिवांश कुमार सिंह ने 34 और अभिनव कुमार पाठक ने 17 रन का योगदान दिया। केसीए-ब्लू की ओर से इशान्त रावल ने 20 रन देकर तीन विकेट लिए, वहीं अनव त्रिपाठी ने 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
वैदिक और राजवीर के 40-40 रन से ब्लू की जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए-ब्लू की टीम ने 38.3 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वैदिक दीक्षित और राजवीर मल्होत्रा ने 40-40 रन बनाए। राघवेन्द्र पाल 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि विवान गांधी ने 25 रन का योगदान दिया।
केसीए-रेड की ओर से सजल श्रीवास्तव ने 26 रन देकर चार विकेट लिए और राज सिंह ने 13 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इस तरह केसीए-ब्लू ने तीन विकेट से मुकाबला जीत लिया।