- 26 अक्टूबर से गुजरात के सूरत में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
- कानपुर के आशीष बाजपेयी कोचिंग स्टाफ में शामिल
कानपुर, 14 अक्टूबर।
10वीं टी-20 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप फॉर डेफ के लिए उत्तर प्रदेश की 14 सदस्यीय टीम का चयन कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीडीसीए) के महासचिव आशीष बाजपेयी ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक गुजरात के सूरत में आयोजित होगी। टीम की कमान सुल्तानपुर के आकाश सिंह को सौंपी गई है। आगरा के संदीप कुमार मुख्य कोच और कानपुर के आशीष बाजपेयी कोच की भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश के 14 खिलाड़ी करेंगे प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित टीम में आकाश सिंह (कप्तान), दीपक कुमार (वाराणसी), अमन रिजवी (लखनऊ), सुशील यादव (इटावा), राजू यादव (गाजीपुर), रौनक मलिक (शामली), धीरत कुमार (बदायूं), आकाश सैनी (कुशीनगर), प्रतीक राज चौधरी (गोरखपुर), अब्दुल कादिर (फिरोजाबाद), मोहम्मद कैफ (सुल्तानपुर), राजा यादव (कानपुर), उत्कर्ष दुबे (वाराणसी) और अभिनव पटेल (बाराबंकी) शामिल हैं।
संदीप कुमार मुख्य कोच, आशीष बाजपेयी कोच
टीम के कोचिंग स्टाफ में आगरा के संदीप कुमार को मुख्य कोच तथा कानपुर के आशीष बाजपेयी को कोच की जिम्मेदारी दी गई है। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेगी।
टीम के सहयोग के लिए प्रायोजन की अपील
उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट एसोसिएशन ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने वाली टीम के लिए प्रायोजन और आर्थिक सहयोग की अपील की है। एसोसिएशन ने प्रतिष्ठित कंपनियों, बैंकों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और दानदाताओं से खिलाड़ियों को सहयोग देने का आग्रह किया है, ताकि टीम प्रतियोगिता में बेहतर तैयारी और संसाधनों के साथ हिस्सा ले सके।