- 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद में होगी राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट-2026, अंडर-14 और अंडर-16 वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
कानपुर, 14 अक्टूबर।
राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट-2026 के लिए जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, कानपुर ने 13 खिलाड़ियों की टीम घोषित कर दी है। आगामी 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद, तेलंगाना में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कानपुर के चयनित खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में चयन से खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
बालक वर्ग में सात खिलाड़ियों का चयन
अंडर-14 एवं अंडर-16 बालक वर्ग में ऋषभ पाल, वैभव सिंह, कृष्णा श्रीवास्तव, सौर्य वर्धन कपूर, गौरव तिवारी, सादिक अली और उत्कर्ष सिंह को टीम में शामिल किया गया है।
बालिका वर्ग में छह खिलाड़ी शामिल
बालिका वर्ग में वेदिका शुक्ला, कृति महेश्वरी, अनुशिका यादव, नित्या द्विवेदी, प्रियंका राजपूत और तान्या सैनी का चयन किया गया है। सभी चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, कानपुर के सचिव डॉ. नरेश कुमार चौधरी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।