हर सहाय कॉलेज में आज से जिला स्तरीय अंतरविद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता

 

 

 

  • बालक-बालिका वर्ग की टीमें दिखाएंगी दमखम, दो दिवसीय नॉकआउट मुकाबलों में होगा प्रतिभाओं का चयन
  • कानपुर जिला खो-खो संघ और कानपुर ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन

 

कानपुर, 14 अक्टूबर।

स्कूली स्तर पर खो-खो खेल को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कानपुर जिला खो-खो संघ (रजि.) एवं कानपुर ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में 15 और 16 अक्टूबर को जिला स्तरीय अंतरविद्यालयी आमंत्रण खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पी. रोड स्थित हर सहाय कॉलेज के खेल मैदान पर होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों की बालक एवं बालिका टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन 15 अक्टूबर को सुबह 10 बजे होगा।

उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे खेल एवं शिक्षा जगत के गणमान्य

आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन समारोह में संरक्षक रणवीर सिंह मलिक, सत्य प्रकाश तिवारी, डॉ. स्वदेश श्रीवास्तव, हर सहाय महाविद्यालय के प्राचार्य अमर श्रीवास्तव, हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्वेता गुप्ता, महासचिव विपिन कुमार सोनकर, कोषाध्यक्ष शिवलाल यादव, संयुक्त सचिव आनंद कुमार एवं रोहित सोनकर तथा रेफरी बोर्ड के चेयरमैन रामजी प्रजापति सहित सुशील प्रजापति उपस्थित रहेंगे।

नॉकआउट आधार पर होंगे मुकाबले

आयोजन सचिव कैलाश वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों की बालक और बालिका टीमें हिस्सा लेंगी। नॉकआउट प्रारूप में होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों को अपनी गति, फुर्ती, रणनीति और टीम समन्वय प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली स्तर पर खो-खो के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

विजेता और उपविजेता टीमें होंगी सम्मानित

दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजक संघ ने खेल प्रेमियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शहरवासियों से प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

 

Leave a Comment