- राष्ट्रीय रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
- पुरुष, महिला, जूनियर, सब जूनियर और यूथ वर्ग के साइकिलिस्ट करेंगे प्रतिभाग
- सुबह आठ बजे से शुरू होगी चयन प्रक्रिया, खिलाड़ियों को साइकिल और हेलमेट लाना अनिवार्य
कानपुर, 14 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश राज्य रोड साइकिलिंग ट्रायल का आयोजन 18 अक्टूबर, रविवार को ट्रांस गंगा सिटी के गेट नंबर-2 के अंदर किया जाएगा। 3.8 किलोमीटर के सर्किट पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलने वाले इस ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जिलों के बालक एवं बालिका साइकिलिस्ट प्रतिभाग करेंगे। ट्रायल के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
पांच आयु वर्गों में होगा चयन
राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में पुरुष एवं महिला वर्ग के साथ अंडर-23, जूनियर, सब जूनियर और यूथ वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। जूनियर वर्ग में 17 से 18 वर्ष, सब जूनियर वर्ग में 15 से 16 वर्ष तथा यूथ वर्ग में 12 से 14 वर्ष आयु के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रत्येक वर्ग के ट्रायल का समय निर्धारित किया गया है। सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों को सुबह आठ बजे तक प्रतियोगिता स्थल पर रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है।
आयु प्रमाणपत्र और फोटो लाना अनिवार्य
जूनियर एवं सब जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं को आयु प्रमाणपत्र, हाईस्कूल का प्रमाणपत्र अथवा अंकपत्र और इनकी एक-एक छायाप्रति साथ लानी होगी। इसके अतिरिक्त एक पासपोर्ट साइज फोटो भी अनिवार्य है। सभी प्रतिभागियों को अपनी साइकिल और हेलमेट स्वयं लेकर आना होगा।
साइकिलिंग फेडरेशन ने नियुक्त किया पर्यवेक्षक
ट्रायल के सुचारु संचालन और चयन प्रक्रिया की निगरानी के लिए साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली ने अयोध्या के क्षेत्रीय खेल कार्यालय (आरएसओ) के अधीन साइकिलिंग कोच के पद पर कार्यरत एनआईएस कोच अवधेश कुमार विश्वकर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
इन नंबरों पर भेजें प्रविष्टि
ट्रायल में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी अपना नाम, पिता का नाम, पता, पिन कोड, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भेजकर प्रविष्टि करा सकते हैं। इसके लिए श्री आरके गुप्ता के मोबाइल नंबर 9450935050 और श्री ब्रजेश शुक्ला के मोबाइल नंबर 6394352858 पर संपर्क किया जा सकता है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।