- 168 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, पहले दिन खेले गए रोमांचक मुकाबले
- 13 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से होंगे मुकाबले, दोपहर दो बजे आयोजित होगा समापन समारोह
कानपुर, 13 अक्टूबर।
जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय के.एस.एस. बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका दत्त एवं आयोजन सचिव सुनील शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में कानपुर के प्रतिष्ठित विद्यालयों के कुल 168 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
रोमांचक मुकाबलों में टीमों ने दर्ज की जीत
पहले दिन जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर ने एलन हाउस पब्लिक स्कूल को 26-5 से पराजित किया। गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने युगम इंटरनेशनल को 18-12 से हराया, जबकि द जैन इंटरनेशनल स्कूल ने गार्डेनिया पब्लिक स्कूल को 36-22 से शिकस्त दी।
इसी क्रम में जय नारायण विद्या मंदिर ने द चिंटल्स स्कूल को 22-2 से पराजित किया। सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर ने प्रताप इंटरनेशनल स्कूल को 28-8 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, गुरु नानक मॉडर्न स्कूल ने गौरव मेमोरियल को पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई।
13 अक्टूबर को होंगे अगले दौर के मुकाबले
आयोजन सचिव सुनील शुक्ला के अनुसार, प्रतियोगिता के दूसरे दिन 13 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का समापन समारोह दोपहर दो बजे विद्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान अविरल सिंह चौहान, कमलेश यादव, अजय सिंह एवं गौरव उपाध्याय सहित अन्य खेलप्रेमी उपस्थित रहे। सभी टीमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।