एशिया-पैसिफिक चैंपियनशिप में यूपी के बधिर खिलाड़ियों का जलवा, जीते छह पदक

 

 

  • रिदम शर्मा ने एथलेटिक्स में दो स्वर्ण, आदित्या यादव ने बैडमिंटन में एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते
  • आशुतोष शुक्ला ने शतरंज के टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

 

कानपुर, 12 अक्टूबर।

डीफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (रजि.), कानपुर द्वारा चयनित उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने मलेशिया के पेनांग में आयोजित एशिया-पैसिफिक मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। यूपी के बधिर खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में कुल छह पदक अपने नाम किए, जिनमें चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक शामिल हैं।

एथलेटिक्स में रिदम शर्मा का शानदार प्रदर्शन

बरेली की रिदम शर्मा ने एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। उन्होंने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही 4×400 मीटर रिले में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रिदम के प्रदर्शन ने यूपी के लिए पदकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की प्रतिभा को पहचान दिलाई।

बैडमिंटन में आदित्या यादव ने जीते तीन पदक

गोरखपुर की आदित्या यादव ने बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते। उन्होंने टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा एकल स्पर्धा और युगल स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शतरंज के टीम इवेंट में आशुतोष शुक्ला ने जीता स्वर्ण

प्रयागराज के आशुतोष शुक्ला ने शतरंज के टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनके प्रदर्शन ने यूपी के बधिर खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

DSAUP ने खिलाड़ियों को दी बधाई

इस शानदार उपलब्धि पर डीफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (DSAUP) के महामंत्री सौरभ श्रीवास्तव ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने टीम के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अभिषेक बाजपेई के योगदान की भी विशेष रूप से सराहना की। सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण और पूरी टीम के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

AISCD का जताया आभार

DSAUP के महामंत्री ने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए ऑल इंडिया स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ द डेफ (AISCD) का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच बधिर खिलाड़ियों की प्रतिभा को नई पहचान देने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

Leave a Comment