- ट्रैकसूट देकर किया सम्मानित, विद्यालय परिवार ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की दी शुभकामनाएं
कानपुर, 09 अक्टूबर।
जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर की छह बालिका बैडमिंटन खिलाड़ियों का चयन विद्या भारती राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 13 अक्टूबर तक महाशय चुन्नीलाल सरस्वती बाल मंदिर, हरि नगर, दिल्ली में किया जा रहा है। खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मेहनत और खेल कौशल से हासिल किया राष्ट्रीय मंच
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी एवं क्रीड़ा अध्यक्ष आशुतोष सत्यम झा ने चयनित खिलाड़ियों को ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
चयनित खिलाड़ियों में अंडर-19 वर्ग की कप्तान सिद्धि झा के साथ सलोनी कठेरिया, वैभवी सिंह परिहार और जानवी मिश्रा शामिल हैं। वहीं अंडर-14 वर्ग में कनिका सुचारी और अपेक्षा कठेरिया ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय और कानपुर का नाम रोशन करने का लक्ष्य
सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी, सुशील शुक्ला, गीता बंसल, गौरव प्रताप सिंह, मणिकांत सक्सेना, राष्ट्रीय उमंग, राकेश तिवारी एवं श्री ओम तिवारी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी चयनित होने की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से जय नारायण विद्या मंदिर, कानपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।