स्केटिंग ट्रैक पर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, वुडबाइन गार्डेनिया बना ओवरऑल चैंपियन

 

 

  • KSS इंटर स्कूल स्केटिंग प्रतियोगिता जोन-ए में 25 विद्यालयों के करीब 300 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

 

कानपुर, 6 अक्टूबर।

जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर में मंगलवार को आयोजित KSS इंटर स्कूल स्केटिंग प्रतियोगिता जोन-ए में खिलाड़ियों ने रफ्तार, संतुलन और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न विद्यालयों के स्केटरों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में वुडबाइन गार्डेनिया स्कूल ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर उपविजेता और सर पदमपत सिंघानिया स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।

25 विद्यालयों के करीब 300 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में करीब 25 विद्यालयों के 300 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में प्रतिभाग किया। नन्हे स्केटरों से लेकर बड़े खिलाड़ियों तक ने ट्रैक पर अपनी गति और संतुलन का प्रदर्शन किया। कई मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और अंतिम क्षण तक जीत के लिए संघर्ष जारी रहा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक एवं मुख्य अतिथि प्रो. सुनील मिश्र, प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी, आलोक द्विवेदी एवं सुशील शुक्ल ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। विद्यालय के क्रीड़ा प्रमुख आशुतोष सत्यम झा ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों का परिचय कराया। मुख्य अतिथि प्रो. सुनील मिश्र ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

नन्हे स्केटरों ने बटोरी तालियां

अंडर-6 वर्ग में एडजस्टेबल श्रेणी में अथर्व सिंह प्रथम, अल हुसैन अंसारी द्वितीय और कुबेर प्रताप स्वर्णिम तृतीय रहे। टॉय इनलाइन में पार्थ रुपानी ने पहला, अर्णव सिंह चौहान ने दूसरा और नमिश आनंद ने तीसरा स्थान हासिल किया। क्वाड में देव सिंह प्रथम, कियांश प्रताप सिंह द्वितीय तथा विशिष्ट सिंह तृतीय रहे। प्रोफेशनल इनलाइन में गियांश सिंह कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया।

अंडर-8 वर्ग के एडजस्टेबल में आहान चौधरी प्रथम, अहान वर्मा द्वितीय और अभ्युदय भौती तृतीय रहे। टॉय इनलाइन में मोहम्मद अरहान अली प्रथम, मोहम्मद फहाद द्वितीय और अर्णव सिंह तृतीय रहे। क्वाड में मोहम्मद अरीब खान प्रथम, कौटिल्य पांडेय द्वितीय तथा ओजस सिंह तृतीय रहे। प्रोफेशनल इनलाइन में चैतन्य गुप्ता प्रथम और वात्सल्य द्वितीय रहे।

अंडर-10 में भी दिखा कड़ा मुकाबला

अंडर-10 एडजस्टेबल वर्ग में देवांश यादव ने प्रथम, कृष्णा सिंह ने द्वितीय और अभिराज पांडेय ने तृतीय स्थान हासिल किया। टॉय इनलाइन में प्रतीक राजपूत प्रथम, युवराज सिंह द्वितीय और शौर्य सिंह तृतीय रहे। क्वाड में माधव गुप्ता प्रथम, हार्दिक मिश्रा द्वितीय तथा यावर मुस्तफा अहमद तृतीय रहे। प्रोफेशनल इनलाइन में तेजस्वा सिंह ने पहला, शिवाय कश्यप ने दूसरा और अहान चंद्रा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

खेलों से व्यक्तित्व का विकास

समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधक प्रो. सुनील मिश्र एवं प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता, निर्णय क्षमता और नेतृत्व के गुण भी विकसित करते हैं।

निर्णायकों और आयोजकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

इस अवसर पर मुख्य निर्णायक कुलदीप, KSS अध्यक्ष विनीत चंद्रा, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, प्रशिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। मंच संचालन श्रीमती प्रज्ञा शुक्ला ने किया। सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Comment