- देशभर से करीब 450 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, बालक एवं बालिका वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 की होगी स्पर्धा
- 8 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा राष्ट्रीय आयोजन, विजेता खिलाड़ियों को एसजीएफआई में खेलने का मिलेगा अवसर
कानपुर, 6 अक्टूबर।
शीलिंग हाउस विद्यालय, कानपुर में सीआईएससीई सातवीं राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेश से भी करीब 450 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता को लेकर मंगलवार, 6 अक्टूबर को शीलिंग हाउस विद्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती वनीता मेहरोत्रा, उप-प्रधानाचार्या अल्का माली, शतरंज प्रशिक्षक हरिसरन रस्तोगी, खेल प्रशिक्षक अनिल शर्मा और विनोद गुप्ता ने संबोधित किया। प्रधानाचार्या वनीता मेहरोत्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और विजेता प्रतिभागियों को एसजीएफआई में खेलने का अवसर प्राप्त होगा।
देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचेंगे खिलाड़ी
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार-झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक-गोवा, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नॉर्थ बंगाल-नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ इंडिया, नॉर्थ वेस्ट, ओडिशा, तमिलनाडु-पुडुचेरी-एएनआई, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के प्रतिभागी शामिल होंगे। इसके अलावा ओवरसीज श्रेणी में यूएई से भी खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
8 अक्टूबर को उद्घाटन, 11 को होगा समापन
शीलिंग हाउस विद्यालय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 8 अक्टूबर 2026 को शाम 6:30 बजे शीलिंग हाउस स्कूल के जूनियर विंग, 14/95, सिविल लाइंस, कानपुर में आयोजित होगा।
मुख्य खेल प्रतियोगिताएं 9 से 11 अक्टूबर तक शीलिंग हाउस स्कूल के सीनियर विंग, 10/498, एलनगंज, कानपुर में होंगी। 9 और 10 अक्टूबर को प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक तथा 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
9 अक्टूबर को सांस्कृतिक संध्या
प्रतियोगिता के दौरान 9 अक्टूबर को शीलिंग हाउस स्कूल के सीनियर विंग, एलनगंज में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभागियों को कानपुर की सांस्कृतिक एवं शैक्षिक विरासत से परिचित कराने का अवसर मिलेगा।
FIDE और AICF के नियमों के अनुरूप होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता का आयोजन FIDE (International Chess Federation) और AICF (All India Chess Federation) द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से शहर में शतरंज के प्रति विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों में रुचि बढ़ने के साथ-साथ उन्हें उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी मिलेगा।
प्रतियोगिता का समापन समारोह 11 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे शीलिंग हाउस स्कूल के जूनियर विंग, 14/95, सिविल लाइंस, कानपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।