- अंडर-19 वर्ग में UP & UK की संयुक्त टीम से खेलते हुए जीता गोल्ड मेडल, पलक और दिशा का स्कूल नेशनल गेम्स के लिए चयन
कानपुर, 6 अक्टूबर।
आंध्र प्रदेश के गुंटूर स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल में आयोजित 7वीं सीआईएससीई नेशनल खो-खो (बालिका) प्रतियोगिता में कानपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में UP & UK की संयुक्त टीम से खेलते हुए यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन के दम पर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ छात्राओं ने अपने विद्यालय के साथ-साथ कानपुर का नाम भी राष्ट्रीय खेल पटल पर रोशन किया।
स्कूल नेशनल गेम्स के लिए पलक और दिशा का चयन
प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पलक अवस्थी और दिशा यादव का चयन आगामी स्कूल नेशनल गेम्स के लिए किया गया है। वहीं, सौम्या सिंह चौहान को स्टैंड-बाई खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
शानदार डिफेंस और आक्रमण से विरोधियों पर भारी पड़ीं बेटियां
पूरी प्रतियोगिता के दौरान कानपुर की खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पलक, दिशा और सौम्या ने मैदान पर बेहतरीन तालमेल के साथ खेलते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में बनाए रखा।
डिफेंस और अटैक दोनों मोर्चों पर खिलाड़ियों ने प्रभावी प्रदर्शन किया। उनकी शानदार डाइव, सटीक टैप और बेहतरीन कवरिंग ने दर्शकों और खेलप्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। टीम ने अपने मुकाबलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
खेल शिक्षिका ज्योति को भी मिली अहम जिम्मेदारी
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में UP & UK संयुक्त टीम की मैनेजर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय की खेल शिक्षिका श्रीमती ज्योति ने संभाली। टीम के कुशल प्रबंधन और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। उनके प्रदर्शन और अनुभव को देखते हुए उन्हें आगामी स्कूल नेशनल गेम्स के लिए भी टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है।
विद्यालय और जिला खो-खो संघ ने दी बधाई
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रागिनी राठौर और समस्त विद्यालय स्टाफ ने पलक, दिशा और सौम्या को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, कानपुर जिला खो-खो संघ के संरक्षक श्री रणवीर सिंह मलिक, श्री सत्य प्रकाश तिवारी, श्री स्वदेश श्रीवास्तव, सचिव विपिन कुमार सोनकर, संयुक्त सचिव आनंद कुमार और रोहित सोनकर ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई और उनका उत्साहवर्धन किया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर कानपुर का नाम रोशन किया है, जो पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।