5 अक्टूबर से शुरू होंगे बेबी गेम्स 2026, ग्रीन पार्क में दिखेगी नन्हे खिलाड़ियों की प्रतिभा

 

 

  • कानपुर ओलंपिक संघ के तत्वावधान में 5 से 10 अक्टूबर तक होगा आयोजन
  • ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण शुरू, अभिभावकों को प्रवेश के लिए टिकट या पास की जरूरत नहीं

 

कानपुर, 3 अक्टूबर।

कानपुर ओलंपिक संघ के तत्वावधान में बेबी गेम्स 2026 का आयोजन आगामी 5 से 10 अक्टूबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर में किया जाएगा। आयोजन में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चे विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराना और भविष्य में खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा

बेबी गेम्स 2026 में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी www.babyolympic.com पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके साथ ही ग्रीन पार्क स्टेडियम में ऑफलाइन पंजीकरण भी शुरू हो चुका है। इच्छुक खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं।

5 अक्टूबर को मार्च पास्ट के साथ होगा शुभारंभ

आयोजन के शुभारंभ अवसर पर 5 अक्टूबर को सुबह 8 बजे सभी खिलाड़ियों को ग्रीन पार्क स्टेडियम में उपस्थित होना होगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे मार्च पास्ट होगा और बेबी गेम्स 2026 का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

अभिभावक बिना टिकट और पास के कर सकेंगे प्रवेश

आयोजन में बच्चों के अभिभावक, परिवारजन तथा खिलाड़ियों के कोच एवं प्रशिक्षक भी स्टेडियम पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन कर सकेंगे। उनके लिए किसी भी प्रकार के टिकट या पास की आवश्यकता नहीं होगी। अभिभावक और परिवारजन सीधे ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्रवेश कर अपने बच्चों का उत्साह बढ़ा सकेंगे।

आयोजकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें और उन्हें बेबी गेम्स से लेकर भविष्य के ओलंपिक खेलों तक आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी बढ़ाएंगे बच्चों का उत्साह

बेबी गेम्स के दौरान विभिन्न खेलों के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित होंगे। इससे प्रतिभागी बच्चों को अनुभवी खिलाड़ियों से मिलने और उनके खेल सफर से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

बेबी गेम्स 2026 से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए 90769 65135 पर सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। उक्त जानकारी श्रीमती साधना मिश्रा द्वारा दी गई।

 

Leave a Comment