सीएसजेएमयू इंटर कॉलेजिएट दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता संपन्न

 

 

  • बालक वर्ग में 11 कॉलेजों के 49 और महिला वर्ग में 11 कॉलेजों की 44 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
  • महिला वर्ग की चयनित टीम 26 अक्टूबर से नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी में, पुरुष टीम नवंबर में गुरुग्राम में करेगी प्रतिभाग

 

कानपुर, 2 अक्टूबर।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की इंटर कॉलेजिएट दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज, सिविल लाइंस के तत्वावधान में संपन्न हुई। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 11 कॉलेजों के 49 खिलाड़ियों और महिला वर्ग में 11 कॉलेजों की 44 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. श्री कृष्ण पटेल ने चयनित खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने सीएसजेएमयू टीम को नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर सीएसजेएमयू के क्रीड़ा विभाग के डॉ. प्रभाकर पांडे विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनका स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। प्रतियोगिता के डायरेक्टर वीरेश चतुर्वेदी रहे, जबकि चीफ आर्बिटर कुसुम शर्मा ने प्रतियोगिता का संचालन किया। सहायक आर्बिटर की भूमिका विकास निषाद और कमल खेमानी ने निभाई। इस दौरान कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

प्रत्येक वर्ग से 10 खिलाड़ियों का होगा चयन

चयन प्रतियोगिता के बाद विश्वविद्यालय की ओर से प्रत्येक वर्ग में चयनित 10-10 खिलाड़ियों के नामों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। चयनित खिलाड़ी आगे विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

महिला वर्ग की चयनित खिलाड़ी 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक सीएसजेएमयू, कानपुर में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी शतरंज प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।

वहीं पुरुष वर्ग के चयनित खिलाड़ी 15 से 18 नवंबर 2026 तक एमिटी यूनिवर्सिटी, गुरुग्राम, हरियाणा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में सीएसजेएमयू टीम की ओर से प्रतिभाग करेंगे।

 

Leave a Comment