रॉयल स्पोर्टिंग क्लब बना अकबर अली मेमोरियल 7-ए-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का चैंपियन

 

 

  • रोमांचक फाइनल में रॉयल एकेडमी को पेनल्टी शूटआउट में 9-8 से दी शिकस्त
  • निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से रहा बराबर, विजेता को 15 हजार और उपविजेता को मिले 7 हजार रुपये

 

कानपुर, 20 सितंबर।

जिला फुटबॉल संघ कानपुर नगर के समन्वय से आयोजित स्वर्गीय अकबर अली मेमोरियल 7-ए-साइड दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में रॉयल स्पोर्टिंग क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल एकेडमी को पेनल्टी शूटआउट में 9-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

पहले हाफ में गोलकीपरों का शानदार प्रदर्शन

फाइनल मुकाबला रॉयल स्पोर्टिंग क्लब और रॉयल एकेडमी के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए, लेकिन रॉयल स्पोर्टिंग क्लब के गोलकीपर हर्षित पाल और रॉयल एकेडमी के गोलकीपर श्रेय त्रिपाठी ने शानदार बचाव करते हुए कोई गोल नहीं होने दिया। पहला हाफ 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने दागे एक-एक गोल

दूसरे हाफ की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। रॉयल स्पोर्टिंग क्लब की ओर से कबीर ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद रॉयल एकेडमी के साबिर ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक यही स्कोर रहा, जिसके बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया गया। शूटआउट में रॉयल स्पोर्टिंग क्लब ने 9-8 से बाजी मारते हुए ट्रॉफी पर कब्जा किया।

सेमीफाइनल में रॉयल स्पोर्टिंग क्लब का शानदार प्रदर्शन

सेमीफाइनल में रॉयल एकेडमी ने नार्कोस एफसी को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं रॉयल स्पोर्टिंग क्लब ने जाजमऊ एफसी को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से पराजित किया। इस मुकाबले में समीर अरोरा और यशराज यादव ने हैट्रिक जमाई।

क्वार्टर फाइनल में भी दिखा रोमांच

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में नार्कोस एफसी और वाइकिंग एफसी के बीच मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। पेनल्टी शूटआउट में नार्कोस एफसी ने 4-1 से जीत दर्ज की। रॉयल स्पोर्टिंग क्लब ने लालकुर्ती एफसी को 2-0, रॉयल एकेडमी ने नरेंद्र एफसी को 2-0 और जाजमऊ एफसी ने ग्रीनपार्क एफसी को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

कबीर अरोरा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

समापन समारोह में विजेता रॉयल स्पोर्टिंग क्लब को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता रॉयल एकेडमी को 7 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। कबीर अरोरा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, हर्षित पाल को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और समीर अरोरा को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का पुरस्कार दिया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कार्तिक कपूर, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश चेस एसोसिएशन, विशिष्ट अतिथि सचिव अजीत सिंह, उन्नाव स्टेडियम के स्पोर्ट्स ऑफिसर मुकेश सब्बरवाल, नेशनल खिलाड़ी अमित नारंग सहित आयोजक उमेश यादव, अमित कुमार, शरद जायसवाल, आनंद शर्मा और मनीष पांडे मौजूद रहे।

 

Royal Sporting Club, Royal Academy, Akbar Ali Memorial Football Tournament, 7-a-side Football, District Football Association Kanpur Nagar, Kanpur Football, Narcos FC, Viking FC, Jajmau FC, Green Park FC, Football Tournament, Kabir Arora, Harshit Pal, Sameer Arora, Yashraj Yadav, Penalty Shootout.

Leave a Comment